कोल इंडिया की 2023-24 अप्रैल-जनवरी में ताप बिजलीघरों को आपूर्ति पांच प्रतिशत बढ़ी

Ads

कोल इंडिया की 2023-24 अप्रैल-जनवरी में ताप बिजलीघरों को आपूर्ति पांच प्रतिशत बढ़ी

  •  
  • Publish Date - February 2, 2024 / 04:48 PM IST,
    Updated On - February 2, 2024 / 04:48 PM IST

नयी दिल्ली, दो फरवरी (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी कोल इंडिया लि. ने चालू वित्त वर्ष 2023-24 की अप्रैल-जनवरी अवधि में ताप बिजलीघरों को 50.9 करोड़ टन कोयले की आपूर्ति की। यह सालाना आधार पर 4.7 प्रतिशत अधिक है।

कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) ने वित्त वर्ष 2022-23 की अप्रैल-जनवरी अवधि में ताप विद्युत संयंत्रों को 48.6 करोड़ टन की आपूर्ति की थी।

सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम ने बयान में कहा, ‘‘ वित्त वर्ष की शुरुआत से ही अनुमानित मांग से आगे रहते हुए जनवरी तक कोयले से चलने वाले बिजलीघरों को कोयले की आपूर्ति 50.9 करोड़ टन तक पहुंच गई। ’’

सीआईएल की बढ़ी हुई आपूर्ति ने घरेलू कोयला आधारित बिजली संयंत्रों में भंडारण को जनवरी में 3.62 करोड़ टन के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंचा दिया। यह चार साल पहले इसी महीने में 3.45 करोड़ टन के भंडारण से अधिक है।

कोल इंडिया ने सभी उपभोक्ता क्षेत्रों को प्रति दिन रिकॉर्ड औसतन 315.2 रेक भेजी, जो मार्च 2021 में एक महीने में भेजी गई 308 रेक के रिकॉर्ड से 7.2 रेक अधिक है।

कंपनी ने अप्रैल-जनवरी अवधि में 61.03 करोड़ टन कोयले का उत्पादन किया। यह इससे पिछले साल की इसी अवधि के मुकाबले 10.8 प्रतिशत अधिक है।

कोल इंडिया लिमिटेड का लक्ष्य वित्त वर्ष 2024-25 में 78 करोड़ टन कोयले का उत्पादन करने का है।

घरेलू कोयला उत्पादन में सीआईएल का 80 प्रतिशत से अधिक योगदान है।

भाषा निहारिका रमण

रमण