गलत डीपीआर तैयार करने वाले सलाहकार राजमार्गों पर हादसों, मौत के ‘दोषी’ : गडकरी

Ads

गलत डीपीआर तैयार करने वाले सलाहकार राजमार्गों पर हादसों, मौत के ‘दोषी’ : गडकरी

  •  
  • Publish Date - August 19, 2026 / 05:51 PM IST,
    Updated On - August 19, 2026 / 05:51 PM IST

नयी दिल्ली, 19 अगस्त (भाषा) केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बुधवार को कहा कि गलत विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने वाले सलाहकार राजमार्गों पर दुर्घटनाओं तथा उससे होने वाली मौत के लिए ‘‘दोषी’’ हैं।

उन्होंने ठेकेदारों को निर्माण गुणवत्ता से समझौता करने पर ‘ब्लैकलिस्ट’ करने समेत अन्य कार्रवाई की चेतावनी दी।

राष्ट्रीय राजधानी में उद्योग मंडल फिक्की के ‘टनल्स एंड ब्रिजेस कॉन्फ्रेंस 2026’ के चौथे संस्करण को संबोधित करते हुए सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री ने गलत डीपीआर तैयार करने वालों को ‘‘दोषी’’ करार दिया।

उन्होंने आरोप लगाया कि सलाहकार गूगल की मदद से ये दस्तावेज तैयार करते हैं, जिससे जान-माल का नुकसान हो रहा है।

गडकरी ने कहा, ‘‘डीपीआर की गुणवत्ता इतनी गलत है कि आज सड़कों पर पांच लाख दुर्घटनाएं होती हैं और 1.8 लाख लोगों की मौत होती है तथा इन सभी मामलों में गलत डीपीआर की समस्या है।’’

मंत्री ने ठेकेदारों को बुनियादी ढांचा परियोजना हासिल करने के बाद निर्माण गुणवत्ता से समझौता करने के खिलाफ भी आगाह किया।

उन्होंने कहा कि वित्तीय ऑडिट के अलावा प्रदर्शन का भी ऑडिट होगा और उसके नतीजों के आधार पर ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी तथा उन्हें ‘ब्लैकलिस्ट’ किया जाएगा।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इन सब कारणों से आर्थिक नुकसान होता है और सड़क दुर्घटनाओं में लोगों की जान जा रही है।

गडकरी ने कहा कि ठेकेदारों और डीपीआर सलाहकारों को रेटिंग दी जाएगी और इसके आधार पर तय किया जाएगा कि उन्हें भविष्य की बोलियों में हिस्सा लेने की अनुमति दी जाए या नहीं।

भाषा निहारिका अजय

अजय