सर्पदंश से छात्राओं की मौत: महाराष्ट्र सरकार ने गढ़चिरौली के स्कूल की मान्यता रद्द की

Ads

सर्पदंश से छात्राओं की मौत: महाराष्ट्र सरकार ने गढ़चिरौली के स्कूल की मान्यता रद्द की

  •  
  • Publish Date - August 19, 2026 / 05:48 PM IST,
    Updated On - August 19, 2026 / 05:48 PM IST

नागपुर, 19 अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में हाल में सांप के काटने से तीन आदिवासी छात्राओं की मौत के बाद राज्य के आदिवासी विकास विभाग ने एक सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालय की मान्यता स्थायी रूप से रद्द कर दी है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि इस फैसले का मतलब है कि जपतलाई का ‘आश्रम’ (आवासीय) विद्यालय बंद कर दिया जायेगा और छात्रों को आसपास के आदिवासी स्कूलों में दाखिला दिया जायेगा।

विद्यालय में छह छात्राओं को नौ अगस्त की रात को सांप ने काट लिया था। बताया जा रहा है कि सांप ‘कॉमन करैत’ की प्रजाति का था।

इनमें से तीन छात्राओं की मौत हो गई थी जबकि अन्य को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अतिरिक्त जनजातीय आयुक्त (नागपुर) आयुषी सिंह ने ‘पीटीआई भाषा’ को बताया कि 233 विद्यार्थियों वाला यह आवासीय विद्यालय सरकारी सहायता प्राप्त था। उन्होंने बताया कि सांप काटने की घटना के बाद विद्यालय प्रबंधन को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था।

उन्होंने बताया कि घटना के संबंध में विद्यालय की ओर से दिए गए स्पष्टीकरण की समीक्षा के बाद महाराष्ट्र आदिवासी विकास विभाग ने संबंधित विद्यालय की मान्यता रद्द करने का फैसला किया।

सिंह ने बताया कि इसी के तहत, विभाग ने हाल में धनोरा तालुका के जपतलाई गांव में कुपरलिंगो शैक्षणिक और सांस्कृतिक विकास अनुसंधान संस्थान द्वारा चलाए जा रहे आवासीय आदिवासी स्कूल की मान्यता रद्द कर दी है।

उन्होंने कहा कि मान्यता रद्द होने के साथ विद्यालय बंद हो जाएगा और विद्यार्थियों के अभिभावकों की पसंद को ध्यान में रखते हुए उन्हें आसपास के आश्रम विद्यालयों में दाखिला दिया जाएगा।

एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि सांप के काटने से प्रभावित छह छात्रों में शामिल 14 साल की एक लड़की की हालत ब्रेन सर्जरी के बावजूद गंभीर बनी हुई है।

राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने आदिवासी छात्राओं की मौत के मामले में महाराष्ट्र के मुख्य सचिव को नोटिस जारी किया है और राज्य सरकार से घटना पर रिपोर्ट मांगी है।

इस बीच, महाराष्ट्र सरकार ने सांप के काटने को ‘अधिसूचित बीमारी’ घोषित कर दिया है। इसके तहत सभी अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों और स्वास्थ्यकर्मियों के लिए सर्पदंश के प्रत्येक संदिग्ध या पुष्ट मामले तथा उससे होने वाली प्रत्येक मौत की सूचना देना अनिवार्य कर दिया गया है।

भाषा

शुभम देवेंद्र

देवेंद्र