भविष्य में दिल्ली की बसें कचरे से बनी हाइड्रोजन से चलाई जा सकेंगी: गडकरी

Ads

भविष्य में दिल्ली की बसें कचरे से बनी हाइड्रोजन से चलाई जा सकेंगी: गडकरी

  •  
  • Publish Date - July 6, 2026 / 10:02 PM IST,
    Updated On - July 6, 2026 / 10:02 PM IST

नयी दिल्ली, छह जुलाई (भाषा) केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार को कहा कि भविष्य में दिल्ली की बसें नगर निगम के कचरे से तैयार हाइड्रोजन ईंधन से चल सकती हैं।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई की ओर से आयोजित युवा सम्मेलन को संबोधित करते हुए गडकरी ने वाहनों द्वारा पानी के इस्तेमाल से हाइड्रोजन बनाने और फिर उससे वाहन चलाने जैसे दृष्टिकोण से अवगत कराया।

गडकरी ने कहा, ‘‘लोगों ने पूछा है कि यह कैसे होगा। क्या पिछले 50 साल में ऐसा कभी हुआ है कि मेरी कोई भविष्यवाणी सच न हुई हो?’’

उन्होंने बताया कि दिल्ली के कचरा निस्तारण स्थलों से निकले करीब 80 लाख टन कचरे का उपयोग पहले ही एक्सप्रेसवे निर्माण में किया जा चुका है। साथ ही उन्होंने वर्ष 2027 तक देशभर से कचरे के ढेर समाप्त करने की योजना का भी उल्लेख किया।

गडकरी ने कहा, ‘‘इस (कचरे) का पृथकीकरण किया जाएगा और बायो-डाइजेस्टर के ज़रिये हाइड्रोजन बनाने में इस्तेमाल किया जाएगा। दिल्ली में बसें इसी से चलेंगी। यह सब मुमकिन है।’’

भाषा

यासिर अजय

अजय