उत्तरी मुंबई के मनोरी तट के पास मानवरहित टैंकर समुद्र में फंसा; तटरक्षक बल ने भेजे जहाज

Ads

उत्तरी मुंबई के मनोरी तट के पास मानवरहित टैंकर समुद्र में फंसा; तटरक्षक बल ने भेजे जहाज

  •  
  • Publish Date - July 6, 2026 / 10:08 PM IST,
    Updated On - July 6, 2026 / 10:08 PM IST

मुंबई, छह जुलाई (भाषा) उत्तरी मुंबई में मनोरी तट के पास एक मानवरहित वाणिज्यिक टैंकर के समुद्र में फंसने के बाद भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) ने स्थिति का जायजा लेने के लिए अपने जहाजों को मौके की ओर रवाना कर दिया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह जहाज तट से एक किलोमीटर दूर है।

तटरक्षक बल ने एक बयान में बताया कि उसे पांच जुलाई को नौवहन महानिदेशालय से एक संदेश मिला था, जिसमें खराब मौसम के कारण तीन जहाजों ‘एमटी एस्फाल्ट स्टार’, ‘एमटी स्टेलर रूबी’ और ‘एमटी अल जाफ़ज़िया’ के लंगर उखड़ने और उनके अपनी जगह से बहने की जानकारी दी गई थी।

बयान के अनुसार, स्थिति का आकलन करने और जहाजों को आवश्यक सहायता देने के लिए तटरक्षक बल के जहाज ‘आईसीजीएस सम्राट’ का मार्ग बदलकर उसे उस क्षेत्र में भेजा गया।

साथ ही, नौवहन महानिदेशालय से सहायता के लिए जहाज खींचने वाले आपातकालीन पोत (ईटीवी) ‘वाटर लिली’ को तैनात करने का भी अनुरोध किया गया था।

तटरक्षक बल ने कहा कि वर्तमान में ‘एमटी एस्फाल्ट स्टार’ और ‘एमटी स्टेलर रूबी’ सुरक्षित रूप से लंगर डाले हुए हैं और उनके चालक दल के सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं।

एक अधिकारी ने बताया कि हालांकि, मढ़ तट के पास लंगर डाले खड़ा ‘एमटी स्टेलर रूबी’ खराब मौसम के कारण धीरे-धीरे बह रहा है।

तटरक्षक बल ने बयान में कहा, ‘लंगर डाले खड़ा मानवरहित जहाज ‘एमटी अल जाफज़िया’ संभवतः मनोरी तट के पास समुद्र में फंस गया है।’

उसने बताया कि ‘आईसीजीएस समुद्र प्रहरी’ और जहाज खींचने वाले आपातकालीन पोत ‘वाटर लिली’ सहायता प्रदान करने के लिए उस क्षेत्र में मुस्तैद हैं।

समुद्री यातायात पर नजर रखने वाली वेबसाइट ‘मरीन ट्रैफिक’ के अनुसार, ‘अल जाफज़िया’ नामक यह जहाज एक तेल/रासायनिक टैंकर है और दो महीने पहले मुंबई बंदरगाह पर आया था।

जहाजों की आवाजाही और बंदरगाहों पर उनकी मौजूदा स्थिति की वास्तविक समय में जानकारी देने वाली समुद्री विश्लेषण प्रदाता संस्था ‘मरीन ट्रैफिक’ ने बताया कि 182.75 मीटर लंबा और 32.26 मीटर चौड़ा यह जहाज निकारागुआ के ध्वज के तहत संचालित हो रहा है।

तटरक्षक बल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उनके कर्मियों ने इस साल फरवरी में अवैध रूप से ईंधन भरने के आरोप में तीन जहाजों को पकड़ा था। इन जहाजों को मुंबई लाया गया था और येलो गेट पुलिस थाने में इस संबंध में मामला दर्ज किया गया था।

अधिकारी ने बताया कि इन जहाजों के मालिकों ने मुंबई उच्च न्यायालय का भी रुख किया था, जिसने इन्हें कबाड़ में तब्दील करने के लिए गुजरात के अलंग ले जाने का निर्देश दिया था।

इससे पहले दिन में मुंबई पुलिस ने बताया कि भारी बारिश के बीच यह जहाज मनोरी समुद्र तट (बीच) से करीब एक किलोमीटर दूर फंस गया है।

गोराई थाने के एक अधिकारी ने बताया कि फंसे हुए जहाज के बारे में सुबह जानकारी मिली और स्थापित प्रोटोकॉल के अनुसार नौसेना, तटरक्षक बल (आईसीजी) तथा अन्य संबंधित समुद्री प्राधिकारियों को स्थिति से अवगत कराया गया।

उन्होंने कहा, ‘‘जहाज मनोरी तट से करीब एक किलोमीटर दूर फंसा हुआ है। जहाज ने लंगर डाल दिया है और इससे जुड़ी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।’

अधिकारी ने बताया कि समुद्री एजेंसियों के अधिकारी स्थिति पर पैनी नजर रख रहे हैं।

स्थानीय मछुआरों ने कहा कि यह क्षेत्र चट्टानी है और तेज हवाओं के कारण छोटे जहाजों के लिए उस फंसे जहाज की ओर जाना असुरक्षित हो गया है।

मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में पिछले कुछ दिनों से भारी बारिश हो रही है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।

भाषा सुमित सुरेश

सुरेश