डीएलएफ करेगी आवास, वाणिज्यिक संपत्ति कारोबार का विस्तार: चेयरमैन

Ads

डीएलएफ करेगी आवास, वाणिज्यिक संपत्ति कारोबार का विस्तार: चेयरमैन

  •  
  • Publish Date - August 3, 2026 / 07:00 PM IST,
    Updated On - August 3, 2026 / 07:00 PM IST

नयी दिल्ली, तीन अगस्त (भाषा) रियल एस्टेट क्षेत्र की प्रमुख कंपनी डीएलएफ के चेयरमैन राजीव सिंह ने सोमवार को कहा कि कंपनी व्यापक आर्थिक स्थिति पर पैनी नजर रखते हुए अपनी आवासीय और वाणिज्यिक रियल एस्टेट कारोबार का विस्तार करना जारी रखेगी।

कंपनी की 61वीं वार्षिक आम बैठक (एजीएम) में शेयरधारकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कंपनी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं पर सरकार के ध्यान से सामने आने वाले व्यावसायिक अवसरों का लाभ उठाने की स्थिति में है।

सिंह ने शेयरधारकों से कहा, ”यह साल विशेष रूप से खास है, क्योंकि आपकी कंपनी अपनी यात्रा के 80 वर्ष पूरे होने का उत्सव मना रही है। भारत की स्वतंत्रता की पूर्व संध्या पर 1946 में स्थापित, डीएलएफ ने अग्रणी शहरी विकास के माध्यम से देश की आर्थिक वृद्धि में योगदान दिया है।”

उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे भारत अपनी स्वतंत्रता के 100वें वर्ष की ओर बढ़ रहा है, कंपनी ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को साकार करने में भूमिका निभाने के अपने संकल्प को दोहराती है।

भाषा पाण्डेय अजय

अजय