नयी दिल्ली, 28 सितंबर (भाषा) एशियन पेंट्स के पूर्व चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक अश्विन दानी का बृहस्पतिवार को संक्षिप्त बीमारी के बाद निधन हो गया है। वह 81 वर्ष के थे। कंपनी ने शेयर बाजारों को यह जानकारी दी।
दानी 1968 से एशियन पेंट्स से जुड़े थे। वह कंपनी के निदेशक मंडल में कई भूमिकाओं मसलन वाइस चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक, गैर-कार्यकारी वाइस चेयरमैन और गैर-कार्यकारी चेयरमैन के रूप में रहे।
एशियन पेंट्स ने कहा, ‘‘दानी 1970 में कंपनी बोर्ड में शामिल हुए थे। वह 1998 से 2009 तक वाइस चेयरमैन और प्रबंध निदेशक के पद पर रहे। 2009 से वह बोर्ड में गैर-कार्यकारी निदेशक और वाइस चेयरमैन थे।’’’
दानी 2018 से 2021 तक कंपनी के बोर्ड के चेयरमैन रहे थे। उनके पिता सूर्यकांत एशियन पेंट्स के संस्थापकों में से थे। फोर्ब्स की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, अश्विन दानी और उनके परिवार की शुद्ध संपत्तियां 7.7 अरब डॉलर या करीब 64,000 करोड़ रुपये है। दुनिया के अमीरों की सूची में यह परिवार 293वें स्थान पर है।
भाषा अजय
अजय रमण
रमण