पश्चिम एशिया संघर्ष के बीच श्रीलंका में फिर बढ़े ईंधन के दाम
पश्चिम एशिया संघर्ष के बीच श्रीलंका में फिर बढ़े ईंधन के दाम
कोलंबो, 31 मई (भाषा) पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति में आई बाधाओं के कारण श्रीलंका में एक बार फिर पेट्रोल, डीजल और मिट्टी के तेल की कीमतों में वृद्धि कर दी गई है। सरकारी पेट्रोलियम कंपनी सीलोन पेट्रोलियम कॉरपोरेशन (सीपीसी) ने शनिवार को नई दरों की घोषणा की, जो आधी रात से प्रभावी हो गई है।
पिछले तीन महीनों के दौरान ईंधन की कीमतों में यह पांचवीं बढ़ोतरी है। राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके पहले भी कई बार जनता से ईंधन की खपत कम करने की अपील कर चुके हैं। उनका कहना है कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण देश पर अतिरिक्त आर्थिक दबाव पड़ रहा है।
सीपीसी ने कहा कि पेट्रोल की कीमतों में 5.85 प्रतिशत और डीजल में 3.83 प्रतिशत की वृद्धि की गई है।
नई दरों के अनुसार, डीजल की कीमत में 15 श्रीलंकाई रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है, जिसके बाद इसकी कीमत 407 रुपये प्रति लीटर हो गई है। वहीं पेट्रोल 24 रुपये महंगा होकर 434 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया है। इसके अलावा मिट्टी के तेल की कीमत में भी 20 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की गई है, जिससे इसकी कीमत 285 रुपये प्रति लीटर हो गई है।
आंकड़ों के अनुसार, एक मार्च से 31 मई के बीच ईंधन की कीमतों में पांच बार संशोधन किया गया है। इनमें से तीन बार कीमतें केवल मार्च के पहले 22 दिनों के भीतर बढ़ाई गई थीं। फरवरी के अंत में पेट्रोल की कीमत 293 रुपये प्रति लीटर थी, जो अब बढ़कर 434 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई है।
इस बीच, श्रीलंकाई मुद्रा पर भी दबाव बना हुआ है। श्रीलंका के केंद्रीय बैंक के अनुसार मई के दौरान श्रीलंकाई रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले कमजोर हुआ है।
भाषा अजय अजय
अजय

Facebook


