ग्नेलमार्क अपनी अनुषंगी में 75 प्रतिशत हिस्सेदारी निरमा को 5,651.5 करोड़ रुपये में बेचेगी

Ads

ग्नेलमार्क अपनी अनुषंगी में 75 प्रतिशत हिस्सेदारी निरमा को 5,651.5 करोड़ रुपये में बेचेगी

  •  
  • Publish Date - September 21, 2023 / 08:47 PM IST,
    Updated On - September 21, 2023 / 08:47 PM IST

नयी दिल्ली, 21 सितंबर (भाषा) दवा कंपनी ग्लेनमार्क फॉर्मास्युटिकल्स ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह अपनी अनुषंगी ग्लेनमार्क लाइफ साइंसेज में 75 हिस्सेदारी 5,651.5 करोड़ रुपये में निरमा लिमिटेड को बेचेगी।

ग्लेनमार्क ने शेयर बाजार को इस प्रस्तावित सौदे की जानकारी दी।

कंपनी ने कहा कि उसके निदेशक मंडल की बैठक में ग्लेनमार्क लाइफ साइंसेज (जीएलएस) के 9,18,95,379 शेयर यानी 75 प्रतिशत हिस्सेदारी निरमा लिमिटेड को बेचने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।

दोनों पक्षों के बीच हुए पक्के समझौते के मुताबिक, यह बिक्री 615 रुपये प्रति शेयर के भाव पर की गयी है। इससे कुल मिलाकर यह सौदा 5,651.5 करोड़ रुपये का बैठता है। इस सौदे को नियामकीय मंजूरियों के अलावा शेयरधारकों से भी स्वीकृति लेनी होगी।

हिस्सेदारी बिक्री के बाद जीएलएस में ग्लेनमार्क फार्मास्युटिकल्स की हिस्सेदारी घटकर सिर्फ 7.84 प्रतिशत रह जाएगी।

सौदा पूरा होने के बाद निरमा की तरफ से जीएलएस के सभी सार्वजनिक शेयरधारकों को बाध्यकारी खुली पेशकश की जाएगी। अहमदाबाद की कंपनी निरमा साबुन एवं डिटर्जेंट उत्पादों के लिए चर्चित है।

ग्लेनमार्क फार्मास्युटिकल्स के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक ग्लेन सलदान्हा ने कहा, ‘‘यह सौदा एक नवाचारी एवं ब्रांड-उन्मुख संगठन बनने के लिए मूल्य शृंखला में आगे बढ़ने की हमारी रणनीतिक मंशा के अनुरूप है।’’

भाषा प्रेम अजय

अजय