पणजी, नौ मार्च (भाषा) गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने सोमवार को कहा कि राज्य ने पिछले वित्त वर्ष में 4,148 करोड़ रुपये का ब्याज-मुक्त कर्ज लिया और उसकी उधारी राजकोषीय दायित्व एवं बजट प्रबंधन (एफआरबीएम) अधिनियम की तय सीमा के भीतर रही।
सावंत ने राज्य विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान कहा कि कोविड-19 महामारी के बाद विभिन्न राज्यों को सुधारों पर आधारित ब्याज-मुक्त ऋण उपलब्ध कराने के लिए वह केंद्र सरकार के आभारी हैं।
उन्होंने बताया कि गोवा ने वित्त वर्ष 2024-25 में इस योजना के तहत 4,148 करोड़ रुपये का ऋण लिया और अब वह 4,500 करोड़ रुपये तक की उधारी जुटाने के लिए पात्र है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाजार उधारी के तहत राज्य पिछले वर्ष 4,500 करोड़ रुपये तक उधार लेने का पात्र था, लेकिन उसने केवल 2,500 करोड़ रुपये का ही कर्ज लिया। यह एफआरबीएम की तय सीमा के भीतर है।
उन्होंने कहा कि चालू वित्त वर्ष में राज्य 3,500 करोड़ रुपये तक बाजार उधारी का पात्र है, लेकिन राज्य सरकार केवल 1,000 करोड़ रुपये ही उधार लेगी।
भाषा प्रेम
प्रेम अजय
अजय