घरेलू मांग घटने से सोने की कीमत में 600 रुपये की गिरावट

Ads

घरेलू मांग घटने से सोने की कीमत में 600 रुपये की गिरावट

  •  
  • Publish Date - September 17, 2026 / 06:44 PM IST,
    Updated On - September 17, 2026 / 06:44 PM IST

नयी दिल्ली, 17 सितंबर (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में बृहस्पतिवार को सोने की कीमत 600 रुपये टूटकर 1.55 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रही। घरेलू मांग में कमी के कारण सोने की कीमत में कमी आई।

99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत बुधवार को 1,55,600 रुपये प्रति 10 ग्राम रही थी।

हालांकि, स्थानीय व्यापारियों के अनुसार, सभी करों सहित चांदी की कीमत 2.42 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर स्थिर रही।

कारोबारियों ने कहा कि घरेलू बाजार में कमजोर मांग का असर सोने की कीमतों पर पड़ा।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज में वरिष्ठ विश्लेषक (कमोडिटीज) सौमिल गांधी ने कहा, ‘‘फेडरल रिजर्व के सख्त नीतिगत संदेश के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कमजोर रुख के कारण बृहस्पतिवार को सोने की कीमत में थोड़ी गिरावट आई।’’

अमेरिकी फेडरल रिजर्व ने उम्मीद के मुताबिक अपनी मानक ब्याज दर को 0.25 प्रतिशत अंक बढ़ाकर 3.75-4 प्रतिशत कर दिया। यह तीन वर्षों में पहली बार दर में वृद्धि है।

फेडरल रिजर्व के चेयरमैन, केविन वॉर्श का लगातार मुद्रास्फीति के दबाव पर जोर और अगस्त में उम्मीद से अधिक मुख्य (कोर) मुद्रास्फीति ने इस उम्मीद को मजबूत किया कि मौद्रिक नीति सख्त बनी रह सकती है।

हालांकि, बृहस्पतिवार को वैश्विक बाजारों में सर्राफा को कुछ समर्थन मिला क्योंकि बॉन्ड प्रतिफल, कच्चे तेल की कीमतों और डॉलर सूचकांक में थोड़ी गिरावट आई।

हाजिर सोना 52.85 डॉलर यानी 1.24 प्रतिशत बढ़कर 4,317.11 डॉलर प्रति औंस हो गया, जबकि चांदी भी लगभग 2 प्रतिशत की बढ़त के साथ 64.06 डॉलर प्रति औंस हो गई।

मिराए एसेट शेयरखान में जिंस मामलों के प्रमुख प्रवीण सिंह ने कहा, ‘‘हाजिर सोने में सुधार हो रहा है और वैश्विक बाजारों में यह एक प्रतिशत से अधिक बढ़कर 4,310 डॉलर प्रति औंस के आसपास रहा, क्योंकि कच्चे तेल, बॉन्ड प्रतिफल और डॉलर सूचकांक में थोड़ी गिरावट आई है।’’

भाषा राजेश राजेश रमण

रमण

रमण