गोवा सरकार, कोचीन बंदरगाह प्राधिकरण पेंशन भुगतान के लिए ‘संपन्न’ मंच से जुड़े

Ads

गोवा सरकार, कोचीन बंदरगाह प्राधिकरण पेंशन भुगतान के लिए ‘संपन्न’ मंच से जुड़े

  •  
  • Publish Date - April 2, 2026 / 02:16 PM IST,
    Updated On - April 2, 2026 / 02:16 PM IST

नयी दिल्ली, दो अप्रैल (भाषा) गोवा सरकार और कोचीन बंदरगाह प्राधिकरण ने दूरसंचार विभाग (डीओटी) के डिजिटल मंच ‘संपन्न’ से जुड़ने के लिए बृहस्पतिवार को समझौते पर हस्ताक्षर किए। इसका मकसद पेंशन वितरण प्रक्रिया को सुगम बनाना है।

राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित समारोह में इस बारे में समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। समारोह की अध्यक्षता केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने की।

संचार लेखा नियंत्रक जनरल कार्यालय (सीजीसीए) द्वारा विकसित एवं संचालित तथा उसके स्वामित्व वाला मंच ‘संपन्न’ (पेंशन के लेखांकन व प्रबंधन प्रणाली) पेंशनभोगियों के लिए एक एकीकृत, ऑनलाइन पेंशन प्रबंधन प्रणाली है। यह पेंशन की प्रक्रिया, स्वीकृति एवं पेंशनभोगियों के बैंक खाते में सीधे पेंशन वितरण की सुविधा मुहैया कराता है।

इस मंच के माध्यम से वर्तमान में दूरसंचार विभाग, बीएसएनएल, एमटीएनएल और वीएसएनएल से जुड़े लगभग 4.8 लाख दूरसंचार पेंशनभोगियों के खातों में पेंशन सीधे जमा की जाती है।

दूरसंचार विभाग अब ‘संपन्न’ को ‘प्लेटफॉर्म ऐज ए सर्विस’ (पीएएएस) के रूप में अन्य विभागों, राज्य सरकारों तथा सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (पीएसयू) को भी उपलब्ध करा रहा है।

इस अवसर पर मंत्री ने सहारनपुर स्थित डाक प्रशिक्षण केंद्र (पीटीसी) की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में एक स्मारक डाक टिकट भी जारी किया।

भाषा निहारिका अजय

अजय

शीर्ष 5 समाचार