मुंबई, दो अप्रैल (भाषा) कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में भारी गिरावट झेलने के बाद घरेलू शेयर बाजारों ने दोपहर के सत्र में जोरदार वापसी की। दिग्गज आईटी कंपनियों में निचले स्तर पर खरीदारी आने से दोनों प्रमुख सूचकांक लाभ में लौट आए।
बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 1,588.51 अंक लुढ़ककर 71,545.81 अंक के दिन के निचले स्तर तक आ गया था। हालांकि, बाद में इसमें तेज सुधार हुआ और यह 121.2 अंक यानी 0.16 प्रतिशत की बढ़त के साथ 73,255.52 अंक पर कारोबार करता दिखा।
इसी तरह, एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी भी शुरुआती गिरावट से उबर गया। यह 496.85 अंक यानी 2.19 प्रतिशत टूटकर 22,182.55 अंक तक आ गया था, लेकिन बाद में यह 27.25 अंक यानी 0.12 प्रतिशत की बढ़त के साथ 22,706.65 अंक पर पहुंच गया।
बाजार में इस जोरदार सुधार की अगुवाई आईटी शेयरों ने की। एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और इन्फोसिस के शेयरों में तीन प्रतिशत तक की बढ़त दर्ज की गई।
इसके अलावा मारुति सुजुकी इंडिया, ट्रेंट, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड, बजाज फाइनेंस, एचडीएफसी बैंक और आईटीसी भी बढ़त वाले शेयरों में शामिल रहे।
वहीं, एशियन पेंट्स, सन फार्मा, एनटीपीसी, पावर ग्रिड, एसबीआई, रिलायंस इंडस्ट्रीज, इंटरग्लोब एविएशन, अल्ट्राटेक सीमेंट और अदाणी पोर्ट्स के शेयर गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे।
क्षेत्रीय सूचकांकों में आईटी और फोकस्ड आईटी ही बढ़त में रहे, जिनमें दो प्रतिशत तक की तेजी देखी गई।
एशियाई बाजारों में कमजोरी का रुख रहा। दक्षिण कोरिया का कॉस्पी 4.47 प्रतिशत, जापान का निक्की 2.40 प्रतिशत, चीन का शंघाई कम्पोजिट 0.74 प्रतिशत और हांगकांग का हैंगसेंग 0.70 प्रतिशत नीचे बंद हुए।
यूरोपीय बाजार भी गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 7.18 प्रतिशत चढ़कर 108.42 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 8,331.15 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 7,171.80 करोड़ रुपये की खरीदारी की।
इससे पहले बुधवार को सेंसेक्स 1,186.77 अंक चढ़कर 73,134.32 अंक पर और निफ्टी 348 अंक बढ़कर 22,679.40 अंक पर बंद हुआ था।
भाषा प्रेम
प्रेम अजय
अजय