मुंबई, 10 फरवरी (भाषा) रुपया मंगलवार को शुरुआती गिरावट से उबरते हुए 10 पैसे की बढ़त के साथ 90.56 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। घरेलू शेयर बाजारों में तेजी और वैश्विक बाजारों में डॉलर के कमजोर होने से रुपये को मजबूती मिली।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि घरेलू बाजार में सकारात्मक रुख और विदेशी पूंजी प्रवाह से मिल रहे समर्थन को भू-राजनीतिक तनाव एवं आयातकों की डॉलर मांग ने सीमित किया।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 90.63 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह 90.77 प्रति डॉलर के निचले व 90.48 प्रति डॉलर के उच्चस्तर पर पहुंचा।
कारोबार के अंत में यह 90.56 प्रति डॉलर पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव से 10 पैसे की बढ़त है।
रुपया सोमवार को उतार-चढ़ाव भरे कारोबार के बाद एक पैसे की बढ़त के साथ अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.66 बंद हुआ था।
मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि घरेलू बाजारों में मजबूती और व्यापार समझौते की उम्मीद के कारण रुपया थोड़ा सकारात्मक रुख के साथ कारोबार करेगा। कमजोर डॉलर और ताजा विदेशी प्रवाह से रुपये को और समर्थन मिल सकता है। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि, भू-राजनीतिक तनाव और आयातकों की डॉलर मांग से इस तेजी पर रोक लग सकती है। बुधवार को गैर-कृषि पेरोल रिपोर्ट से पहले व्यापारी सतर्क रह सकते हैं।’’
चौधरी ने कहा, डॉलर-रुपया की हाजिर कीमत 90.30 से 90.80 के बीच कारोबार करने की उम्मीद है।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के शोध विश्लेषक दिलीप परमार ने कहा, ‘‘रुपये में तेजी को निवेशकों की मजबूत धारणा से समर्थन मिला। विदेशी संस्थागत निवेश इस महीने घरेलू शेयर और बॉन्ड में शुद्ध खरीदार बन गए हैं।’’
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.01 प्रतिशत की बढ़त के साथ 96.82 पर रहा।
घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स 208.17 अंक चढ़कर 84,273.92 अंक पर जबकि निफ्टी 67.85 अंक की बढ़त के साथ 25,935.15 अंक पर बंद हुआ।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.16 प्रतिशत की गिरावट के साथ 68.93 डॉलर प्रति बैरल रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बाजार में शुद्ध लिवाल रहे और उन्होंने मंगलवार को 69.45 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
भाषा राजेश राजेश रमण
रमण