भारत ने भूटान की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए 250 करोड़ रुपये की सहायता राशि जारी की

Ads

भारत ने भूटान की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए 250 करोड़ रुपये की सहायता राशि जारी की

  •  
  • Publish Date - June 25, 2026 / 07:28 PM IST,
    Updated On - June 25, 2026 / 07:28 PM IST

थिम्पू, 25 जून (भाषा) भारत ने भूटान के आर्थिक प्रोत्साहन कार्यक्रम (ईएसपी) के तहत बृहस्पतिवार को 250 करोड़ रुपये की पांचवीं किस्त जारी की। भारतीय दूतावास ने यह जानकारी दी।

इसके साथ ही ईएसपी के लिए भारत द्वारा घोषित 1,500 करोड़ रुपये की सहायता राशि में से अब तक कुल 1,250 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं।

भारत पड़ोसी हिमालयी देश भूटान में विभिन्न विकास परियोजनाओं को नियमित रूप से वित्तीय सहायता प्रदान करता है। भूटान के 2026-27 के बजट में पूंजीगत व्यय का 30 प्रतिशत से अधिक हिस्सा भारत सरकार के अनुदान से समर्थित होगा।

भारतीय दूतावास की विज्ञप्ति के अनुसार, थिम्पू में भारत के राजदूत संदीप आर्य ने भूटान के विदेश मंत्री ल्योंपो डीएन धुंग्येल को 250 करोड़ रुपये का चेक सौंपा।

आर्य ने कहा कि भारत भूटान के प्रति अपनी विकास संबंधी प्रतिबद्धताओं को पूरा कर रहा है और 13वीं पंचवर्षीय योजना (2024-2029) के तहत परियोजना सहायता, आर्थिक प्रोत्साहन कार्यक्रम, उच्च प्रभाव वाली सामुदायिक विकास परियोजनाओं तथा कार्यक्रम अनुदानों के लिए धनराशि जारी कर रहा है।

धुंग्येल ने कहा कि आर्थिक प्रोत्साहन कार्यक्रम ने कोविड-19 महामारी के बाद भूटान की अर्थव्यवस्था को फिर खड़ा करने और रोजगार सृजन में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का सकारात्मक प्रभाव किसानों, विद्यार्थियों, युवाओं, लघु एवं मझोले उद्यमों, स्टार्टअप, रचनात्मक उद्योग, आतिथ्य तथा पर्यटन क्षेत्रों पर पड़ा है।

भाषा योगेश अजय

अजय