फरवरी में भारत का रत्न एवं आभूषण निर्यात 3.86 प्रतिशत बढ़कर 268.07 करोड़ डॉलर पर

Ads

फरवरी में भारत का रत्न एवं आभूषण निर्यात 3.86 प्रतिशत बढ़कर 268.07 करोड़ डॉलर पर

  •  
  • Publish Date - March 15, 2026 / 02:09 PM IST,
    Updated On - March 15, 2026 / 02:09 PM IST

मुंबई, 15 मार्च (भाषा) भारत का रत्न एवं आभूषण निर्यात फरवरी में सालाना आधार पर 3.86 प्रतिशत बढ़कर 268.07 करोड़ डॉलर (24,340.05 करोड़ रुपये) हो गया।

उद्योग संगठन रत्न एवं आभूषण निर्यात संवर्धन परिषद (जीजेईपीसी) के अनुसार अन्य बाजारों में विस्तार के कारण निर्यात में यह बढ़ोतरी दर्ज की गई।

परिषद के आंकड़ों के अनुसार, एक वर्ष पहले इसी महीने में कुल निर्यात 258.10 करोड़ डॉलर (22,460.13 करोड़ रुपये) रहा था।

अप्रैल, 2025 से फरवरी, 2026 के दौरान कुल रत्न एवं आभूषण निर्यात लगभग स्थिर रहा और यह 2,593.37 करोड़ डॉलर (2,28,230.06 करोड़ रुपये) रहा, जबकि इससे एक वर्ष पहले इसी अवधि में यह 2,591.58 करोड़ डॉलर (2,18,737.62 करोड़ रुपये) था।

रत्न एवं आभूषण निर्यात संवर्धन परिषद के चेयरमैन किरीट भंसाली ने कहा कि बीता वर्ष वैश्विक रत्न एवं आभूषण उद्योग के लिए चुनौतीपूर्ण रहा है। इस दौरान अमेरिका की शुल्क नीतियों में बदलाव, भू-राजनीतिक अनिश्चितता और प्रमुख बाजारों में उपभोक्ताओं की बदलती पसंद जैसे कारकों का प्रभाव रहा।

उन्होंने कहा कि इन चुनौतियों के बावजूद भारत के रत्न एवं आभूषण क्षेत्र ने उल्लेखनीय मजबूती दिखाई है।

भंसाली ने कहा कि निर्यातकों ने सक्रिय रूप से नए बाजारों में विस्तार किया है और संयुक्त अरब अमीरात तथा ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों में अपनी मौजूदगी मजबूत की है, जहां मुक्त व्यापार समझौतों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वहीं हांगकांग जैसे बाजारों से भी निरंतर मजबूत समर्थन मिला है।

उन्होंने कहा कि अमेरिका की शुल्क व्यवस्था में हाल के बदलावों से जड़े हुए आभूषण खंड को कुछ सहारा मिला है। हालांकि, उद्योग प्राकृतिक हीरों और कुछ पत्थरों की श्रेणियों पर अंतिम शुल्क व्यवस्था को लेकर अधिक स्पष्टता का इंतजार कर रहा है। मौजूदा अमेरिकी आदेश के तहत इन पर 10 प्रतिशत आयात शुल्क लगाया गया है।

परिषद के आंकड़ों के अनुसार, तराशे और पॉलिश किए गए हीरों का निर्यात फरवरी में मामूली 0.84 प्रतिशत घटकर 135.12 करोड़ डॉलर (12,268.05 करोड़ रुपये) रह गया, जो एक वर्ष पहले इसी महीने में 136.27 करोड़ डॉलर (11,860.71 करोड़ रुपये) था।

प्रयोगशाला में तैयार पॉलिश हीरों का निर्यात पिछले महीने 1.85 प्रतिशत बढ़कर 11.37 करोड़ डॉलर (1,033.03 करोड़ रुपये) हो गया, जो एक वर्ष पहले 11.17 करोड़ डॉलर (972.04 करोड़ रुपये) था।

सोने के आभूषणों का कुल निर्यात पिछले महीने 3.23 प्रतिशत बढ़कर 92.89 करोड़ डॉलर (8,432.16 करोड़ रुपये) हो गया, जबकि एक वर्ष पहले इसी अवधि में यह 89.98 करोड़ डॉलर (7,828.05 करोड़ रुपये) था।

चांदी के आभूषणों का निर्यात फरवरी में 123.77 प्रतिशत बढ़कर 11.64 करोड़ डॉलर (1,056.30 करोड़ रुपये) हो गया, जो एक वर्ष पहले इसी महीने में 5.20 करोड़ डॉलर (452.39 करोड़ रुपये) था।

पश्चिम एशिया क्षेत्र में जारी भू-राजनीतिक तनाव के बारे में भंसाली ने कहा कि वित्त वर्ष के अंतिम चरण में प्रवेश करते समय उद्योग वैश्विक व्यापार परिस्थितियों और बदलते भू-राजनीतिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।

उन्होंने कहा कि निर्यातक स्थिति पर करीबी नजर रख रहे हैं और माल की आपूर्ति तथा आपूर्ति श्रृंखला को सुचारु बनाए रखने के लिए व्यापारिक भागीदारों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।

भाषआ

अजय

अजय