जियो-बीपी की पेट्रोल, डीजल के दाम बढ़ाने की कोई योजना नहींः सीईओ

Ads

जियो-बीपी की पेट्रोल, डीजल के दाम बढ़ाने की कोई योजना नहींः सीईओ

  •  
  • Publish Date - April 10, 2026 / 08:28 PM IST,
    Updated On - April 10, 2026 / 08:28 PM IST

नयी दिल्ली, 10 अप्रैल (भाषा) देश की दूसरी बड़ी निजी ईंधन खुदरा कंपनी जियो-बीपी ने शुक्रवार को कहा कि वह अंतरराष्ट्रीय तेल कीमतों में तेजी के बावजूद पेट्रोल और डीजल की खुदरा कीमतों में वृद्धि की फिलहाल योजना नहीं बना रही है।

कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अक्षय वाधवा ने यह जानकारी दी। एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने आए वाधवा ने ईंधन कीमतों के बारे में पूछे जाने पर कहा, ‘इस मामले में हम देश के साथ खड़े हैं। हमारी कीमत बढ़ाने की फिलहाल कोई योजना नहीं है।’

जियो-बीपी ने पश्चिम एशिया संकट के बीच सार्वजनिक पेट्रोलियम कंपनियों की ही तरह खुदरा कीमतों को स्थिर रखा है। सरकारी कंपनियों ने भी कच्चे तेल की लागत बढ़ने के बावजूद महंगाई पर असर को देखते हुए कीमतों में बढ़ोतरी नहीं की है।

पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम 100 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गए हैं। हालांकि, केंद्र सरकार द्वारा उत्पाद शुल्क में कटौती जैसे कदमों के कारण घरेलू उपभोक्ताओं पर इसका पूरा असर नहीं पड़ा है।

इस बीच, नायरा एनर्जी ने पेट्रोल की कीमत में पांच रुपये प्रति लीटर और डीजल में तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है, जबकि शेल इंडिया ने भी खुदरा कीमतें बढ़ाने की सूचना दी है।

वाधवा ने कहा कि कंपनी के खुदरा केंद्रों पर पेट्रोल की बिक्री मार्च में 30 प्रतिशत और डीजल की बिक्री 25 प्रतिशत बढ़ी है।

कंपनी के पास देशभर में 2,185 पेट्रोल पंप हैं और पेट्रोल में इसकी बाजार हिस्सेदारी चार प्रतिशत एवं डीजल में छह प्रतिशत है।

उन्होंने कहा कि कंपनी के पास ईंधन की पर्याप्त आपूर्ति है और खुदरा बिक्री पर किसी भी तरह की सीमा नहीं लगाई गई है। सभी पंप सामान्य रूप से संचालित हो रहे हैं।

भाषा प्रेम

प्रेम रमण

रमण