विदेश सचिव मिसरी ने व्हाइट हाउस के वरिष्ठ अधिकारियों और एनएससी नेतृत्व से मुलाकात की

Ads

विदेश सचिव मिसरी ने व्हाइट हाउस के वरिष्ठ अधिकारियों और एनएससी नेतृत्व से मुलाकात की

  •  
  • Publish Date - April 10, 2026 / 09:30 PM IST,
    Updated On - April 10, 2026 / 09:30 PM IST

(सागर कुलकर्णी)

वाशिंगटन, 10 अप्रैल (भाषा) विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने व्हाइट हाउस के वरिष्ठ अधिकारियों और राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद (एनएसससी) के नेतृत्व के साथ पारस्परिक रणनीतिक हित के मुद्दों और पश्चिम एशिया में हाल के घटनाक्रमों पर सार्थक चर्चा की। भारतीय दूतावास ने शुक्रवार यह जानकारी दी।

मिसरी की व्हाइट हाउस में बैठक ऐसे समय में हो रही हैं जब अमेरिका और ईरान 28 फरवरी को शुरू हुए युद्ध के लिए दो सप्ताह के युद्धविराम पर सहमत हो गए हैं।

अमेरिकी उपराष्ट्रपति जे डी वेंस के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल शनिवार को युद्ध समाप्त करने के लिए ईरानी नेतृत्व के साथ बातचीत करने के वास्ते पाकिस्तान जा रहा है।

विदेश सचिव की बैठकों में हिंद महासागर रणनीतिक उपक्रम पर भी ध्यान केंद्रित किया गया, जिसकी घोषणा पिछले साल फरवरी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की वाशिंगटन यात्रा के दौरान की गई थी।

भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, “विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने व्हाइट हाउस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सार्थक चर्चा की। उन्होंने एनएससी के नेतृत्व से मुलाकात की और हिंद महासागर रणनीतिक उपक्रम और पश्चिम एशिया में हाल के घटनाक्रमों सहित पारस्परिक रणनीतिक हित के मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया।”

हिंद महासागर रणनीतिक उपक्रम का उद्देश्य हिंद महासागर में आर्थिक संपर्क और वाणिज्य में समन्वित निवेश को बढ़ावा देने के लिए एक समग्र मंच के रूप में उभरना है।

मिसरी तीन दिवसीय अमेरिका यात्रा पर मंगलवार देर रात यहां पहुंचे थे।

उन्होंने रक्षा विभाग, वाणिज्य विभाग और विदेश विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठकें की हैं।

मिसरी ने बृहस्पतिवार को अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो से भी मुलाकात की।

भाषा नेत्रपाल माधव

माधव