कराची, 10 अप्रैल (भाषा) पाकिस्तान के सिंध प्रांत की सरकार ने शुक्रवार को कराची और अन्य प्रमुख शहरों के सभी बाजारों, शॉपिंग मॉल, दुकानों, रेस्तरां और शादी समारोह स्थलों (वेडिंग हॉल) को हर दिन जल्दी बंद करने का आदेश दिया है।
यह पश्चिमी एशिया संघर्ष के मद्देनजर अपनाए जा रहे मितव्ययिता उपायों का हिस्सा है।
सरकारी अधिसूचना के अनुसार, सभी दुकानें, बाजार और शॉपिंग मॉल अब हर दिन रात नौ बजे तक बंद हो जाएंगे। आमतौर पर कराची में देर रात दुकानें खुली रहती है।
अधिसूचना के अनुसार, रेस्तरां रात आठ बजे से 11:30 बजे तक भोजन परोसेंगे, जबकि शादी समारोह स्थल रात नौ बजे से मध्यरात्रि तक खुले रहेंगे।
पाकिस्तान के सबसे बड़े शहर कराची में बाज़ार, शॉपिंग मॉल, रेस्तरां और शादी समारोह स्थल आमतौर पर आधी रात के बाद तक खुले रहते हैं।
यह निर्णय संघीय सरकार द्वारा इस सप्ताह की शुरुआत में पंजाब, खैबर-पख्तूनख्वा, बलूचिस्तान, इस्लामाबाद और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर के बाजारों और शॉपिंग मॉलों को रात आठ बजे तक बंद करने का आदेश जारी किए जाने के बाद आया है।
सिंध गृह विभाग ने कहा कि पश्चिम एशिया युद्ध के बाद उत्पन्न ईंधन संकट से निपटने के लिए यह निर्णय लिया गया है और यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
भाषा
राखी अविनाश
अविनाश