नयी दिल्ली, 20 अप्रैल (भाषा) सज्जन जिंदल के नेतृत्व वाली जेएसडब्ल्यू स्टील ने दक्षिण कोरिया की इस्पात कंपनी पॉस्को के साथ संयुक्त उद्यम समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। इसके तहत ओडिशा में 60 लाख टन सालाना क्षमता वाला इस्पात संयंत्र स्थापित किया जाएगा। सोमवार को जारी एक बयान में यह जानकारी दी गई।
राष्ट्रीय राजधानी में भारत-कोरिया व्यापार मंच की बैठक में यह घोषणा की गई।
बयान में, जेएसडब्ल्यू स्टील ने कहा कि परियोजना के लिए भूमि का अधिग्रहण कर लिया गया है और एक बार चालू होने के बाद, यह परियोजना वाहन और अन्य क्षेत्रों में उपयोग के लिए उच्च श्रेणी के स्टील चादर जैसे फ्लैट इस्पात उत्पादों का उत्पादन कर सकेगी। उल्लेखनीय है कि पॉस्को ने 2005 में ओडिशा सरकार के साथ 12 अरब डॉलर की इस्पात परियोजना स्थापित करने के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए थे। लेकिन भूमि अधिग्रहण और अन्य स्वीकृतियों में देरी के मुद्दों के कारण एक दशक से अधिक समय बाद परियोजना को रद्द कर दिया।
जेएसडब्ल्यू स्टील ने कहा कि यह समझौता दोनों इस्पात कंपनियों के बीच रणनीतिक सहयोग को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
कंपनी ने बताया कि प्रस्तावित एकीकृत इस्पात परियोजना में इस्पात निर्माण, हॉट रोलिंग और कोल्ड रोलिंग/कोटिंग प्रक्रियाएं शामिल होंगी और परियोजना के लिए जमीन का पहले ही अधिग्रहण कर लिया गया है।
पॉस्को की तकनीकी विशेषज्ञता का लाभ उठाते हुए, संयुक्त उद्यम का उत्पाद पोर्टफोलियो जेएसडब्ल्यू के पोर्टफोलियो का पूरक होगा और भारत में नए उत्पाद अवसर प्रदान करेगा।
यह परियोजना पॉस्को को भारत के तेजी से बढ़ते बाजार तक पहुंच प्रदान करेगी। यह 2031 तक चालू हो जाएगी।
भाषा रमण अजय
अजय