जयपुर, 19 मई (भाषा) केंद्रीय खान एवं कोयला मंत्री जी. किशन रेड्डी ने मंगलवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में खनन क्षेत्र में व्यापक सुधार हुआ है।
वह यहां मुख्यमंत्री निवास पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के साथ कोयला विभाग की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की दूरदर्शी नीतियों एवं कारोबार सुगमता से महत्वपूर्ण (क्रिटिकल) खनिजों के क्षेत्र में अन्वेषण, नीलामी और उत्पादन प्रक्रियाओं में गति आई है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में महत्वपूर्ण खनिजों का बड़ा भंडार उपलब्ध है। रक्षा, ऊर्जा, कृषि, सौर, वाहन सहित विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण खनिजों की बढ़ती मांग को पूरा करने का सामर्थ्य राजस्थान में है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शर्मा की सक्रिय सोच से राजस्थान खनन क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य में खनिज संसाधनों के वैज्ञानिक दोहन, निवेश अनुकूल वातावरण तथा पारदर्शी नीतियों के कारण राजस्थान खनन के प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार आपसी समन्वय से खनन से जुड़े सभी मुद्दों का समयबद्ध समाधान करें जिससे निवेश एवं उत्पादन में वृद्धि हो।
आधिकारिक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि राजस्थान खनिज संपदा की दृष्टि से देश में अग्रणी राज्यों में शामिल है तथा यहां खनन क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। राज्य में 82 प्रकार के खनिज उपलब्ध हैं और 57 खनिजों का दोहन किया जा रहा है।
शर्मा ने कहा कि हमारी सरकार खनन क्षेत्र में पारदर्शिता, नीतिगत सुधार और बुनियादी ढांचे में विकास को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खनन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर राज्य सरकार के अधिकारी केंद्र से समन्वय करते हुए नियमित बैठकें आयोजित करें।
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण द्वारा राज्य में चिन्हित एवं अन्वेषित जगहों की जानकारी राज्य सरकार के साथ साझा की जाए, जिससे संरक्षण की दृष्टि से उपयुक्त भूमि का दूसरे प्रयोजन के लिए आवंटन नहीं हो।
बैठक में ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े विषयों पर भी विस्तृत चर्चा की गई।
भाषा पृथ्वी राजकुमार अजय
अजय