नयी दिल्ली, छह मई (भाषा) ई-कॉमर्स कंपनी मीशो का 31 मार्च को समाप्त बीते वित्त वर्ष की चौथी तिमाही में एकीकृत शुद्ध घाटा कम होकर 166.34 करोड़ रुपये रह गया।
कंपनी ने शेयर बाजारों को यह जानकारी दी। इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी को 1,391.38 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ था।
तिमाही के दौरान कंपनी की एकीकृत परिचालन आय 47.13 प्रतिशत बढ़कर 3,531.21 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 2,399.97 करोड़ रुपये थी।
इस बीच, कंपनी का कुल खर्च 3,807 करोड़ रुपये रहा, जबकि एक साल पहले समान तिमाही में 2,636.83 करोड़ रुपये था।
पूरे वित्त वर्ष 2025-26 के लिए मीशो का एकीकृत शुद्ध घाटा 2024-25 के 3,941.70 करोड़ रुपये से कम होकर 1,357.73 करोड़ रुपये रह गया।
पूरे वित्त वर्ष के दौरान कंपनी का परिचालन राजस्व 34.4 प्रतिशत बढ़कर 12,626.34 करोड़ रुपये हो गया, जो इससे पिछले वित्त वर्ष में 9,389.90 करोड़ रुपये था।
मीशो के संस्थापक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) विदित आत्रे ने कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 ने कंपनी की इस धारणा को और पुख्ता किया है कि भारत के ई-कॉमर्स बाजार की पैठ लोगों के अनुमान से कहीं अधिक है।
भाषा अजय अजय रमण
रमण