मुंबई, 26 अगस्त (भाषा) सिंगापुर के पर्यटन क्षेत्र के लिए भारत 2026 की पहली छमाही में भी एक महत्वपूर्ण बाजार बना रहा। जनवरी से जून के बीच छह लाख से अधिक भारतीय पर्यटक सिंगापुर पहुंचे। सिंगापुर पर्यटन बोर्ड (एसटीबी) ने बुधवार को यह जानकारी दी।
एसटीबी के क्षेत्रीय निदेशक (भारत, पश्चिम एशिया, दक्षिण एशिया और अफ्रीका) मार्कस टैन ने बताया कि वैश्विक चुनौतियों के बीच हाल के समय में भारत निरंतर महत्वपूर्ण बाजार बना रहा है। यह भारतीय यात्रियों, हमारे विमानन साझेदारों और यात्रा कारोबार से वर्षों में बनाए गए मजबूत संबंधों का प्रमाण है।
एसटीबी के आंकड़ों के अनुसार, 2026 की पहली तिमाही में भारतीय पर्यटकों ने 37.4 करोड़ सिंगापुर डॉलर खर्च किए जो बाकी देशों के पर्यटकों की तुलना में सबसे अधिक था।
एसटीबी के आंकड़ों के अनुसार, इस साल की पहली छमाही में कुल 81.9 लाख पर्यटकों ने सिंगापुर की यात्रा की।
वर्ष 2025 में सिंगापुर में अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों की संख्या 1.69 करोड़ रही थी। चीन से 31 लाख, इंडोनेशिया से 24 लाख, मलेशिया से 13 लाख, ऑस्ट्रेलिया से 13 लाख और भारत से 12 लाख पर्यटकों ने सिंगापुर की यात्रा की थी।
भाषा निहारिका
निहारिका