मजबूत मुनाफे के कारण मनीव्यू ने आईपीओ का आकार घटाया: प्रबंध निदेशक

Ads

मजबूत मुनाफे के कारण मनीव्यू ने आईपीओ का आकार घटाया: प्रबंध निदेशक

  •  
  • Publish Date - September 21, 2026 / 08:15 PM IST,
    Updated On - September 21, 2026 / 08:15 PM IST

मुंबई, 21 सितंबर (भाषा) डिजिटल ऋण मंच मनीव्यू के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पुनीत अग्रवाल ने कहा है कि कंपनी ने मजबूत मुनाफे और कारोबार से पर्याप्त नकदी जुटने के चलते अपने प्रस्तावित आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) का आकार 1,500 करोड़ रुपये से घटाकर 1,092 करोड़ रुपये किया है।

कंपनी ने 1,092 करोड़ रुपये के आईपीओ के लिए 32 से 34 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया है। आईपीओ 24 सितंबर को खुलेगा और 28 सितंबर को बंद होगा। कंपनी के शेयर को एक अक्टूबर को बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध किए जाने का प्रस्ताव है।

आईपीओ में 750 करोड़ रुपये मूल्य के नए शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा मौजूदा शेयरधारक 10.05 करोड़ शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) करेंगे, जिनका मूल्य ऊपरी मूल्य दायरे पर 342 करोड़ रुपये है। इस तरह कुल निर्गम का आकार 1,092 करोड़ रुपये हो गया है।

अग्रवाल ने कहा कि कंपनी के मुनाफे में लगातार मजबूत वृद्धि के कारण वह पहले से तय अधिक पूंजी जुटाए बिना भी अपनी विस्तार योजनाओं को जारी रख सकती है।

उन्होंने पीटीआई-भाषा को दिए साक्षात्कार में कहा, ‘‘हम मुनाफे वाली कंपनी हैं। वित्त वर्ष 2025-26 में असाधारण मदों से पहले कर बाद मुनाफा करीब 400 करोड़ रुपये रहा और इसमें लगातार मजबूत वृद्धि हुई है।’’

उन्होंने कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में कंपनी का कर बाद मुनाफा 174 करोड़ रुपये रहा।

अग्रवाल ने कहा कि मुनाफे में लगातार वृद्धि का मतलब है कि कंपनी के कारोबार में पर्याप्त नकदी आ रही है। ऐसे में कंपनी के निदेशक मंडल के साथ चर्चा में यह बात सामने आई कि कम किए गए आईपीओ से मिलने वाली राशि भी उसके कारोबार की मौजूदा वृद्धि को जारी रखने के लिए पर्याप्त होगी।

उन्होंने कहा, ‘‘कंपनी के पास पहले से पर्याप्त नकदी है और 750 करोड़ रुपये की इस राशि के साथ हम अपनी मौजूदा वृद्धि की रफ्तार को जारी रखने में सहज होंगे। इसी वजह से हमने आईपीओ का आकार घटाने का फैसला किया।’’

भाषा योगेश अजय

अजय