नवितास सोलर की पांच साल में गुजरात, महाराष्ट्र में 10,000 करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा

Ads

नवितास सोलर की पांच साल में गुजरात, महाराष्ट्र में 10,000 करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा

  •  
  • Publish Date - September 24, 2026 / 03:45 PM IST,
    Updated On - September 24, 2026 / 03:45 PM IST

नयी दिल्ली, 24 सितंबर (भाषा) नवितास सोलर ने गुजरात और महाराष्ट्र में एकीकृत नवीकरणीय ऊर्जा तंत्र विकसित करने के लिए अगले पांच साल में 10,000 करोड़ रुपये का निवेश करने की योजना की बृहस्पतिवार को घोषणा की।

कंपनी ने कहा कि प्रस्तावित निवेश से सौर ऊर्जा की पूरी मूल्य श्रृंखला में विस्तार किया जाएगा।

इसमें इंगोट, वेफर, उच्च दक्षता वाले सौर सेल और मॉड्यूल के साथ बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली (बीईएसएस) तथा नवीकरणीय बिजली उत्पादन शामिल हैं।

विस्तार के तहत नवितास सोलर गुजरात के सिसोदरा में 2.4 गीगावाट क्षमता का सौर सेल विनिर्माण संयंत्र स्थापित कर रही है। इसके पहले चरण में करीब 1,200 करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है।

सौर सेल विनिर्माण संयंत्र को जुलाई, 2027 तक चालू करने का लक्ष्य है।

कंपनी ने कहा कि वह विनिर्माण से आगे बढ़कर नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन और ऊर्जा भंडारण के क्षेत्र में भी विस्तार कर रही है।

महाराष्ट्र में नवितास सोलर 200 मेगावाट और 25 मेगावाट क्षमता के दो सौर पार्क विकसित कर रही है। इन परियोजनाओं को इंजीनियरिंग, खरीद और निर्माण (ईपीसी) तथा स्वतंत्र बिजली उत्पादक (आईपीपी) मॉडल के तहत विकसित किया जा रहा है।

गुजरात में कंपनी ऊर्जा भंडारण क्षेत्र में प्रवेश कर रही है। इसके तहत वडोदरा में पांच गीगावाट-घंटा क्षमता वाली बैटरी ऊर्जा भंडारण सुविधा स्थापित करने की योजना है। इससे स्वच्छ ऊर्जा क्षेत्र में कंपनी की क्षमताओं का और विस्तार होगा।

भाषा योगेश अजय

अजय