एनटीपीसी की एनईईपीसीओ, टीएचडीसी को वित्त वर्ष 2026-27 के अंत तक सूचीबद्ध करने की योजना

Ads

एनटीपीसी की एनईईपीसीओ, टीएचडीसी को वित्त वर्ष 2026-27 के अंत तक सूचीबद्ध करने की योजना

  •  
  • Publish Date - May 8, 2026 / 09:28 PM IST,
    Updated On - May 8, 2026 / 09:28 PM IST

नयी दिल्ली, आठ मई (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र की बिजली कंपनी एनटीपीसी चालू वित्त वर्ष के अंत तक अपनी अनुषंगी कंपनियों टीएचडीसी और एनईईपीसीओ को शेयर बाजार में सूचीबद्ध करने की योजना बना रही है। एक सूत्र ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

सूत्र के अनुसार, कंपनी ने अपनी संयुक्त उद्यम कंपनी हिंदुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड (एचयूआरएल) को भी शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने पर सहमति जताई है, जिसमें एनटीपीसी की लगभग 30 प्रतिशत हिस्सेदारी है।

सूत्र ने कहा, “एनटीपीसी विस्तार के दौर में है। उसने एनटीपीसी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (एनजीईएल) को सूचीबद्ध किया है और उससे प्राप्त पूंजी का उपयोग स्वच्छ ऊर्जा परियोजनाओं के लिए कर रही है। अब वह टीएचडीसी और एनईईपीसीओ को भी सूचीबद्ध करने की योजना बना रही है, जिससे कंपनी को धन जुटाने में मदद मिलेगी।”

एनटीपीसी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड को नवंबर 2024 में सूचीबद्ध किया गया था।

सूत्र के अनुसार, एचयूआरएल के शेयर बिक्री के माध्यम से एनटीपीसी और उसके संयुक्त उद्यम साझेदार कोल इंडिया लिमिटेड तथा इंडियन ऑयल कॉरपोरेशनन लिमिटेड मिलकर लगभग 5,000 से 6,000 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रहे हैं।

एचयूआरएल की वेबसाइट के अनुसार, एनटीपीसी, कोल इंडिया और इंडियन ऑयल की इसमें संयुक्त रूप से कुल 89 प्रतिशत इक्विटी हिस्सेदारी हैं।

सूत्र ने टीएचडीसी और एनईईपीसीओ के लिए किसी अनुमानित राशि की जानकारी नहीं दी।

सूत्र ने कहा कि इन तीनों कंपनियों की सूचीबद्धता चालू वित्त वर्ष के अंत तक पूरी होने की संभावना है। इसके लिए मर्चेंट बैंकरों को नियुक्त करने की प्रक्रिया भी जल्द शुरू हो सकती है।

एनजीईएल, एनटीपीसी की हरित ऊर्जा इकाइयों की प्रमुख कंपनी है, जो स्वच्छ ऊर्जा परियोजनाओं पर काम करती है। इसने 2024 में अपने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के माध्यम से 10,000 करोड़ रुपये जुटाए थे।

उत्तराखंड के ऋषिकेश स्थित टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड एनटीपीसी और उत्तर प्रदेश सरकार की 75:25 हिस्सेदारी वाली कंपनी है, जो सौर, जलविद्युत, तापीय और पंप स्टोरेज परियोजनाओं में कार्यरत है।

नॉर्थ ईस्टर्न इलेक्ट्रिक पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (एनईईपीसीओ) एनटीपीसी की पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी है, जो जलविद्युत, तापीय और सौर ऊर्जा क्षेत्रों में काम करती है।

भाषा योगेश रमण

रमण