नयी दिल्ली, 21 फरवरी (भाषा) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विभिन्न देशों पर शुल्क लगाने के फैसले को अमेरिकी उच्चतम न्यायालय की तरफ से निरस्त कर देने के बाद शिकागो एक्सचेंज में गिरावट आई। इससे शनिवार को सोयाबीन और पाम-पामोलीन तेल के दाम में गिरावट आई और इसका असर बाकी तेल-तिलहन कीमतों पर भी दिखा।
इसके अलावा सरसों एवं सोयाबीन तेल-तिलहन, कच्चा पामतेल (सीपीओ) एवं पामोलीन तथा बिनौला तेल के दाम में भी नरमी रही।
बाजार सूत्रों ने कहा कि अमेरिकी उच्चतम न्यायालय द्वारा राष्ट्रपति ट्रंप के शुल्क लगाने के फैसले को रद्द किये जाने के बाद शुक्रवार रात शिकागो एक्सचेंज में लगभग 1.5 प्रतिशत की गिरावट आई। इसके कारण सोयाबीन तेल-तिलहन के साथ पाम-पामोलीन जैसे आयात होने वाले खाद्यतेल के दाम भी टूट गये। इस गिरावट का असर पूरे कारोबार पर दिखा।
उन्होंने कहा कि सरसों की नई फसल का मंडियों में आना शुरु होने के साथ सरसों पर दवाब बढ़ने लगा है जिसके, मौसम साफ रहने की स्थिति में, अगले 10-15 दिनों में दवाब और बढ़ने की उम्मीद है।
सूत्रों ने कहा कि मूंगफली के अच्छी गुणवत्ता वाले किस्म की साबूत खाने की और खाद्य तेल की निरंतर मांग बनी हुई है। आने वाले दिनों में यह मांग और बढ़ेगी। दूसरी ओर किसानों की ओर से मूंगफली की आवक कमजोर है। जिसके कारण मूंगफली तेल-तिलहन के दाम में सुधार रहा।
तेल-तिलहनों के भाव इस प्रकार रहे:
सरसों तिलहन – 6,675-6,700 रुपये प्रति क्विंटल।
मूंगफली – 6,950-7,425 रुपये प्रति क्विंटल।
मूंगफली तेल मिल डिलिवरी (गुजरात) – 17,000 रुपये प्रति क्विंटल।
मूंगफली रिफाइंड तेल – 2,675-2,975 रुपये प्रति टिन।
सरसों तेल दादरी- 13,800 रुपये प्रति क्विंटल।
सरसों पक्की घानी- 2,325-2,425 रुपये प्रति टिन।
सरसों कच्ची घानी- 2,325-2,470 रुपये प्रति टिन।
सोयाबीन तेल मिल डिलिवरी दिल्ली- 14,400 रुपये प्रति क्विंटल।
सोयाबीन मिल डिलिवरी इंदौर- 14,000 रुपये प्रति क्विंटल।
सोयाबीन तेल डीगम, कांडला- 11,250 रुपये प्रति क्विंटल।
सीपीओ एक्स-कांडला- 11,800 रुपये प्रति क्विंटल।
बिनौला मिल डिलिवरी (हरियाणा)- 12,950 रुपये प्रति क्विंटल।
पामोलिन आरबीडी, दिल्ली- 13,700 रुपये प्रति क्विंटल।
पामोलिन एक्स- कांडला- 12,600 रुपये (बिना जीएसटी के) प्रति क्विंटल।
सोयाबीन दाना – 5,275-5,325 रुपये प्रति क्विंटल।
सोयाबीन लूज- 4,875-4,925 रुपये प्रति क्विंटल।
भाषा राजेश राजेश प्रेम
प्रेम