नयी दिल्ली, 10 अगस्त (भाषा) पीसी ज्वेलर लिमिटेड का जून में समाप्त चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही का एकीकृत शुद्ध मुनाफा 37 प्रतिशत बढ़कर 221.88 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी ने कहा है कि आमदनी बढ़ने से उसका मुनाफा बढ़ा है। इसके साथ ही कंपनी ने कहा है कि वह चालू तिमाही में कर्ज-मुक्त हो जाएगी।
पिछले साल की इसी अवधि में कंपनी का शुद्ध मुनाफा 161.93 करोड़ रुपये था।
नियामकीय सूचना के अनुसार, इस वित्त वर्ष की पहली तिमाही में कंपनी की कुल आय बढ़कर 879.27 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले साल की इसी अवधि में 807.88 करोड़ रुपये थी।
पीसी ज्वैलर ने कहा कि कंपनी ने कर्ज कम करने की अपनी यात्रा में काफी प्रगति की है। इसने अब तक गठजोड़ में शामिल 14 बैंकों में से सात का कर्ज पूरी तरह चुका दिया है। इसके अलावा, नियामकीय सूचना में कहा गया है कि कंपनी ने बाकी सात बैंकों के बकाया कर्ज का भी 96 प्रतिशत से अधिक हिस्सा चुका दिया है।
पीसी ज्वेलर ने कहा, ‘‘कंपनी चालू तिमाही में ही कर्ज-मुक्त होने की राह पर मजबूती से आगे बढ़ रही है।’’
कंपनी ने जून 2026 को समाप्त तिमाही के दौरान पूरी तरह से परिवर्तीय वॉरंट के तरजीही निर्गम के जरिये 2,702.11 करोड़ रुपये जुटाए।
पीसी ज्वेलर देश की प्रमुख आभूषण विक्रेता कंपनियों में से एक है। इसके 12 राज्यों में लगभग 50 स्टोर हैं।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय