दुर्लभ स्थायी चुंबक विनिर्माण पर मंगलवार को होगी बोली-पूर्व बैठक

Ads

दुर्लभ स्थायी चुंबक विनिर्माण पर मंगलवार को होगी बोली-पूर्व बैठक

  •  
  • Publish Date - April 6, 2026 / 09:57 PM IST,
    Updated On - April 6, 2026 / 09:57 PM IST

नयी दिल्ली, छह अप्रैल (भाषा) देश में सिंटर्ड दुर्लभ पृथ्वी स्थायी चुंबक के निर्माण को बढ़ावा देने की योजना के तहत मंगलवार को एक बोली-पूर्व बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें वेदांता लिमिटेड और हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड समेत कई कंपनियों के भाग लेने की संभावना है। सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

भारी उद्योग मंत्रालय की 7,280 करोड़ रुपये की इस योजना के तहत दुर्लभ पृथ्वी धातुओं से सिंटर्ड स्थायी चुंबक बनाने की तैयारी है। इसी क्रम में यह बैठक आयोजित की जा रही है।

बोली-पूर्व बैठक सात अप्रैल को होगी, जबकि बोली जमा करने की अंतिम तिथि 28 मई तय की गई है। तकनीकी बोलियां 29 मई, 2026 को खोली जाएंगी।

सरकार ने 20 मार्च को इस योजना के तहत सालाना 6,000 टन क्षमता के चुंबक विनिर्माण संयंत्र स्थापित करने के लिए बोलियां आमंत्रित की थीं।

भारी उद्योग मंत्रालय ने इसके लिए एक निविदा दस्तावेज (आरएफपी) जारी किया है, जिसके तहत एकीकृत सिंटर्ड एनडीएफईबी दुर्लभ पृथ्वी स्थायी चुंबक विनिर्माण इकाइयों की स्थापना के लिए पात्र कंपनियों का चयन किया जाएगा।

इन चुंबकों का उपयोग इलेक्ट्रिक वाहन, इलेक्ट्रॉनिक्स और रक्षा उपकरणों में व्यापक रूप से होता है।

भाषा प्रेम

प्रेम अजय

अजय