निजी इक्विटी-उद्यम पूंजी निवेश अगस्त में बढ़कर 5.2 अरब अमेरिकी डॉलर पर

Ads

निजी इक्विटी-उद्यम पूंजी निवेश अगस्त में बढ़कर 5.2 अरब अमेरिकी डॉलर पर

  •  
  • Publish Date - September 20, 2023 / 08:43 PM IST,
    Updated On - September 20, 2023 / 08:43 PM IST

मुंबई, 20 सितंबर (भाषा) निजी इक्विटी फंड (पीई) और उद्यम पूंजी (वीसी) निवेश अगस्त में बढ़कर 5.2 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया। इस दौरान कुल 67 सौदे हुए।

उद्योग के लिये जनसंपर्क का काम करने वाला समूह इंडियन प्राइवेट इक्विटी एंड वेंचर कैपिटल एसोसएिशन (आईवीसीए) और सलाहाकार कंपनी ईवाई की मासिक रिपोर्ट के अनुसार उक्त निवेश राशि अगस्त 2022 के 2.3 अरब डॉलर के मुकाबले दोगुने से भी अधिक है।

सलाहकार कंपनी के भागीदार विवेक सोनी ने कहा कि पीई-वीसी कोष इस बात को लेकर संशय में हैं कि कई स्टार्टअप के लिए वृद्धि रहस्यमय बनी हुई है और मूल्यांकन बहुत अधिक है।

उन्होंने कहा कि विशेष रूप से खाड़ी देशों के कई सरकारी संपत्ति कोष भारत में अपने कार्यालय खोल रहे हैं और भारतीय स्टार्टअप में अपना निवेश भी बढ़ा रहे हैं। मौजूदा अल्पकालिक मुद्दों के बावजूद भारतीय स्टार्टअप क्षेत्र के लिए मध्यम से दीर्घकालिक दृष्टिकोण सकारात्मक बना हुआ है, हालांकि कुछ स्टार्टअप में वृद्धि और संचालन संबंधी समस्याएं हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक अगस्त में 10 करोड़ अमेरिकी डॉलर से अधिक के 13 बड़े सौदे हुए, जो कुल मिलाकर 4.5 अरब अमेरिकी डॉलर थे।

रिपोर्ट में कहा गया कि अगस्त 2023 के 27 सौदों में स्टार्टअप निवेश 62 प्रतिशत घटकर 38.7 करोड़ अमेरिकी डॉलर रह गया, जबकि अगस्त 2022 में यह आंकड़ा 63 सौदों में एक अरब अमेरिकी डॉलर था।

अडाणी पावर लिमिटेड में जीक्यूजी पार्टनर्स के बड़े निवेश के दम पर अगस्त 2023 में अवसंरचना क्षेत्र शीर्ष क्षेत्र के रूप में उभरा। इस क्षेत्र में छह सौदों के साथ पीई/वीसी निवेश 1.8 अरब अमेरिकी डॉलर रहा। इसके बाद खुदरा और उपभोक्ता उत्पाद क्षेत्र का स्थान रहा।

भाषा पाण्डेय रमण

रमण