रेड्डी ने हिंदुस्तान जिंक के राजपुरा दरीबा परिसर का किया दौरा

Ads

रेड्डी ने हिंदुस्तान जिंक के राजपुरा दरीबा परिसर का किया दौरा

  •  
  • Publish Date - May 18, 2026 / 08:28 PM IST,
    Updated On - May 18, 2026 / 08:28 PM IST

उदयपुर, 18 मई (भाषा) केंद्रीय कोयला और खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने राजसमंद जिले स्थित हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड के राजपुरा दरीबा परिसर का दौरा किया और वहां की भूमिगत खनन तथा सामुदायिक विकास पहल की समीक्षा की।

कंपनी के अनुसार, मंत्री ने सिंदेशर खुर्द खान और दरीबा स्मेल्टिंग परिसर का दौरा किया, जहां उन्हें तकनीक-आधारित खनन कार्यों, सुरक्षा प्रणालियों, पेस्ट फिलिंग और टेली-रिमोट संचालन के बारे में जानकारी दी गई।

मंत्री ने रिमोट संचालित खनन उपकरणों की भी समीक्षा की और कंपनी की महिला माइन रेस्क्यू टीम द्वारा किया गया प्रदर्शन देखा।

रेड्डी ने अनुबंधित श्रमिकों, महिला खनन इंजीनियरों और अन्य कर्मचारियों से बातचीत की और कंपनी के सुरक्षा, नवाचार, कार्यबल विविधता और सामुदायिक विकास पर ध्यान केंद्रित करने की सराहना की।

रेड्डी ने कहा कि भारत का खनन क्षेत्र “आधुनिक, जिम्मेदार और तकनीक-आधारित विकास इंजन” में बदल रहा है। उन्होंने घरेलू खनिज संसाधनों तथा महत्वपूर्ण खनिज मूल्य श्रृंखलाओं के महत्व पर ज़ोर दिया, जो देश की आर्थिक वृद्धि और ‘विकसित भारत 2047’ की विनिर्माण महत्वाकांक्षाओं के लिए आवश्यक हैं।

कंपनी की ओर से जारी बयान में कहा गया कि मंत्री ने राजस्थान में उसकी कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व कार्यक्रमों की भी समीक्षा की, जिनमें महिला सशक्तीकरण, पेयजल उपलब्धता, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और ग्रामीण खेल विकास से जुड़े कार्यक्रम शामिल हैं।

भाषा बाकोलिया रंजन अजय

अजय