औद्योगिक कर्मचारियों के लिए खुदरा मुद्रास्फीति अप्रैल में घटकर 5.09 प्रतिशत पर

Ads

औद्योगिक कर्मचारियों के लिए खुदरा मुद्रास्फीति अप्रैल में घटकर 5.09 प्रतिशत पर

  •  
  • Publish Date - May 31, 2023 / 07:55 PM IST,
    Updated On - May 31, 2023 / 07:55 PM IST

नयी दिल्ली, 31 मई (भाषा) औद्योगिक कर्मचारियों के लिए खुदरा मुद्रास्फीति अप्रैल में घटकर 5.09 प्रतिशत पर आ गई। मुख्य रूप से कुछ खाद्य वस्तुओं के दाम कम होने से महंगाई दर कम हुई है। इससे पहले, मार्च में यह 5.79 प्रतिशत थी।

श्रम मंत्रालय ने बयान में कहा, “अप्रैल में सालाना आधार पर मुद्रास्फीति दर 5.09 प्रतिशत रही। मार्च में यह 5.79 प्रतिशत जबकि अप्रैल, 2022 में यह 6.33 प्रतिशत रही थी।”

बयान के अनुसार, इसी तरह खाद्य मुद्रास्फीति दर अप्रैल में 4.16 प्रतिशत रही जबकि मार्च में यह 5.02 प्रतिशत और पिछले वर्ष अप्रैल में 7.05 प्रतिशत थी।

अप्रैल, 2023 के लिए अखिल भारतीय सीपीआई-आईडब्ल्यू (औद्योगिक श्रमिकों के लिए उपभोक्ता मूल्य सूचकांक) मार्च के 133.3 अंक से 0.9 अंक बढ़कर 134.2 अंक हो गया।

वर्तमान सूचकांक में ऊपर की ओर अधिकतम दबाव खाद्य और पेय पदार्थ समूह से आया है। कुल बदलाव में इसका 0.39 प्रतिशत योगदान रहा।

वस्तुओं के स्तर पर, चावल, अरहर दाल, सेब, केला, संतरा, फूलगोभी, बैगन, गोभी, अदरक, मटर, डेयरी मिल्क, फ्रेंच बीन, नींबू, जीरा/जीरा, सूखी मिर्च, पका भोजन, पोल्ट्री चिकन, महिला परिधान आदि सूचकांक में वृद्धि के लिए जिम्मेदार हैं।

हालांकि, गेहूं आटा, टमाटर, प्याज, सहजन, भिंडी, आम, सोयाबीन का तेल, सूरजमुखी का तेल, सरसों का तेल, अंडा-मुर्गी, घरेलू बिजली, ईंधन लकड़ी और चिप्स आदि ने इस वृद्धि को काफी हद तक नियंत्रित किया।

भाषा अनुराग रमण

रमण