रुपया 37 पैसे टूटकर 83.51 प्रति डॉलर पर

Ads

रुपया 37 पैसे टूटकर 83.51 प्रति डॉलर पर

  •  
  • Publish Date - June 4, 2024 / 10:13 PM IST,
    Updated On - June 4, 2024 / 10:13 PM IST

मुंबई, चार जून (भाषा) सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को लोकसभा चुनाव में अपने दम पर बहुमत नहीं मिलने से मंगलवार को शेयर बाजार में मचे हाहाकार के बीच रुपया अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 37 पैसे लुढ़ककर 83.51 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि घरेलू शेयर बाजार में भारी बिकवाली और प्रमुख विदेशी मुद्राओं के मुकाबले डॉलर के मजबूत होने से निराशा और बढ़ गई।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया 83.25 पर कमजोर रुख लिए खुला और कारोबार के दौरान डॉलर के मुकाबले रुपया 83.23 के ऊपरी और 83.65 के निचले स्तर के बीच झूलता रहा।

कारोबार के अंत में रुपया डॉलर के मुकाबले 83.51 के भाव पर बंद हुआ जो पिछले बंद भाव से 37 पैसे की बड़ी गिरावट है। सोमवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 83.14 पर बंद हुआ था।

शेयरखान बाय बीएनपी पारिबा के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘चुनाव परिणामों को लेकर अनिश्चितता पैदा होने के बीच घरेलू बाजारों में भारी गिरावट के कारण रुपये में बड़ा नुकसान रहा। इसकी वजह से विदेशी निवेशकों ने भी कुछ बिकवाली की। अमेरिकी डॉलर निराशाजनक रोजगार आंकड़ों के कारण एक दिन पहले हुए नुकसान से उबर गया।’’

दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के खिलाफ डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.17 प्रतिशत बढ़कर 104.25 पर पहुंच गया।

इस बीच, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 1.88 प्रतिशत की गिरावट के साथ 76.89 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

घरेलू शेयर बाजार में 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 4,389.73 अंक यानी 5.74 प्रतिशत की भारी गिरावट के साथ 72,079.05 अंक पर आ गया। एनएसई निफ्टी भी 1,379.40 अंक यानी 5.93 प्रतिशत लुढ़ककर 21,884.50 पर बंद हुआ।

मंगलवार को विदेशी संस्थागत निवेशक, पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने 12,436.22 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय