रुपया पांच पैसे की गिरावट के साथ 82.57 प्रति डॉलर पर

Ads

रुपया पांच पैसे की गिरावट के साथ 82.57 प्रति डॉलर पर

  •  
  • Publish Date - June 8, 2023 / 05:27 PM IST,
    Updated On - June 8, 2023 / 05:27 PM IST

मुंबई, आठ जून (भाषा) भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा मौद्रिक नीति में प्रमुख ब्याज दर को अपरिवर्तित रखने के बाद बृहस्पतिवार को अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया पांच पैसे की गिरावट के साथ 82.57 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर आ गया।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 82.59 प्रति डॉलर पर खुला और घरेलू शेयर बाजार में कमजोरी के रुख के बीच कारोबार के अंत में अपने पिछले बंद भाव के मुकाबले पांच पैसे की हानि के साथ 82.57 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ।

दिन में कारोबार के दौरान रुपये ने 82.53 प्रति डॉलर के उच्चस्तर को छुआ और यह 82.61 प्रति डॉलर के निचले स्तर तक भी आया।

बुधवार को को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 82.52 प्रति डॉलर के भाव पर बंद हुआ था।

भारतीय रिजर्व बैंक ने बृहस्पतिवार को लगातार दूसरी प्रमुख नीतिगत दर रेपो को 6.5 प्रतिशत पर कायम रखा है।

केंद्रीय बैंक ने चालू वित्त वर्ष (अप्रैल 2023 से मार्च 2024) के लिए अपने सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की वृद्धि दर के अनुमान को भी 6.5 प्रतिशत पर अपरिवर्तित रखा, जबकि खुदरा मुद्रास्फीति के अनुमान को 5.2 प्रतिशत से घटाकर 5.1 प्रतिशत कर दिया है।

रुपये के बारे में, रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास ने कहा कि घरेलू मुद्रा इस साल जनवरी से स्थिर बनी हुई है।

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को आंकने वाला डॉलर सूचकांक 0.24 प्रतिशत की गिरावट के साथ 103.84 रह गया।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.39 प्रतिशत बढ़कर 77.25 डॉलर प्रति बैरल हो गया।

तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 294.32 अंक की गिरावट के साथ 62,848.64 अंक पर आ गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध लिवाल रहे और उन्होंने बुधवार को 1,382.57 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय

शीर्ष 5 समाचार