रुपये में लगातार चौथे दिन तेजी, 10 पैसे मजबूत होकर 82.08 प्रति डॉलर पर

Ads

रुपये में लगातार चौथे दिन तेजी, 10 पैसे मजबूत होकर 82.08 प्रति डॉलर पर

  •  
  • Publish Date - July 13, 2023 / 09:42 PM IST,
    Updated On - July 13, 2023 / 09:42 PM IST

नयी दिल्ली, 13 जुलाई (भाषा) दुनिया की प्रमुख मुद्राओं की तुलना में डॉलर के कमजोर होने तथा घरेलू शेयर बाजार में मजबूती के रुख के बीच अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में बृहस्पतिवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 10 पैसे की तेजी के साथ 82.08 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।

बाजार सूत्रों ने कहा कि हालांकि, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम चढ़ने से रुपये के लाभ पर कुछ अंकुश लगा।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 81.98 प्रति डॉलर पर काफी मजबूत खुला। कारोबार के दौरान यह 81.95 के उच्चस्तर और 82.14 के निचले स्तर को छूने के बाद अंत में 10 पैसे की तेजी के साथ 82.08 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।

रुपये में आज लगातार चौथे दिन तेजी रही। इन चार दिनों में रुपया 53 पैसे मजबूत हुआ है। पिछले कारोबारी सत्र में रुपया 82.18 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

एलकेपी सिक्योरिटीज के शोध विश्लेषक जतिन त्रिवेदी ने कहा, ‘‘डॉलर के कमजोर होने से रुपये को समर्थन मिला…।’’ दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.20 प्रतिशत की गिरावट के साथ 99.99 रहा।

इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल वायदा 0.09 प्रतिशत की तेजी के साथ 80.18 डॉलर प्रति बैरल हो गया।

बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 164.99 अंक की तेजी के साथ 65,558.89 अंक पर बंद हुआ।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक पूंजी बाजार में शुद्ध लिवाल रहे और उन्होंने बृहस्पतिवार को 2,237.93 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे।

भाषा रमण अजय

अजय