रुपया 13 पैसे की तेजी के साथ 82.83 प्रति डॉलर पर

रुपया 13 पैसे की तेजी के साथ 82.83 प्रति डॉलर पर

रुपया 13 पैसे की तेजी के साथ 82.83 प्रति डॉलर पर
Modified Date: February 22, 2024 / 04:49 pm IST
Published Date: February 22, 2024 4:30 pm IST

मुंबई, 22 फरवरी (भाषा) अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में बृहस्पतिवार को रुपया 13 पैसे की तेजी के साथ 82.83 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर पहुंच गया। विदेशी बाजारों में डॉलर के कमजोर होने तथा घरेलू शेयर बाजार के सकारात्मक रुख के कारण रुपये में तेजी रही।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि कच्चे तेल की कीमतों के मजबूत होने के कारण रुपये पर दबाव रहा, जिससे इसकी बढ़त सीमित रही।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 82.94 प्रति डॉलर पर खुला। दिन में कारोबार के दौरान यह 82.83 प्रति डॉलर के उच्चस्तर को छू गया और अंत में रुपया 82.83 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव से 13 पैसे की बढ़त है। बुधवार को रुपया 82.96 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

बीएनपी पारिबा द्वारा शेयरखान के अनुसंधान विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, कमजोर अमेरिकी डॉलर और मिले-जुले से सकारात्मक घरेलू बाजारों के कारण बृहस्पतिवार को रुपये में तेजी आई।

हालांकि, कच्चे तेल की कीमतों में उछाल ने तेज बढ़त को रोक दिया। यूरो क्षेत्र और जर्मनी के पीएमआई आंकड़ों से पहले वैश्विक बाजारों में जोखिम बढ़ने और सकारात्मक यूरोपीय बाजारों के कारण अमेरिकी डॉलर में गिरावट आई।

विश्लेषकों ने डॉलर सूचकांक में गिरावट के लिए अमेरिकी फेडरल रिजर्व की बैठक के ब्योरे को जिम्मेदार ठहराया, जो नीति-निर्माताओं के सतर्क रुख को दर्शाता है। इससे निकट भविष्य में ब्याज दर में कटौती की संभावना कम हो गई है।

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.31 प्रतिशत की गिरावट के साथ 103.68 पर रहा।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.37 प्रतिशत की गिरावट के साथ 83.34 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर था।

बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 535.15 अंक की गिरावट के साथ 73,158.24 अंक पर बंद हुआ।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध लिवाल रहे। उन्होंने बुधवार को 284.66 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय


लेखक के बारे में

IBC24 डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हूं, जहां मेरी जिम्मेदारी मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीति सहित प्रमुख विषयों की खबरों की कवरेज और प्रस्तुति है। वर्ष 2016 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हूं और अब तक 10 वर्षों का अनुभव प्राप्त किया है। विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में कार्य करते हुए न्यूज़ राइटिंग और डिजिटल टूल्स में दक्षता हासिल की है। मेरे लिए पत्रकारिता सिर्फ पेशा नहीं, बल्कि जिम्मेदारी है—सटीक, तेज और असरदार जानकारी पाठकों तक पहुंचाना मेरा लक्ष्य है। बदलते डिजिटल दौर में खुद को लगातार अपडेट कर, कंटेंट की गुणवत्ता बेहतर करने के लिए प्रतिबद्ध हूं।