रुपया आठ पैसे की बढ़त के साथ 82.95 प्रति डॉलर पर

Ads

रुपया आठ पैसे की बढ़त के साथ 82.95 प्रति डॉलर पर

  •  
  • Publish Date - September 12, 2023 / 09:37 PM IST,
    Updated On - September 12, 2023 / 09:37 PM IST

नयी दिल्ली, 12 सितंबर (भाषा) अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया मंगलवार को आठ पैसे की बढ़त के साथ 82.95 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। शेयर बाजार में तेजी के बीच विदेशी संस्थागत निवेशकों की लिवाली से रुपये की धारणा को बल मिला।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि सोमवार को कारोबार के दौरान निफ्टी के पहली बार 20,000 अंक के पार जाने के बाद घरेलू बाजार नई रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया, जिससे मंगलवार को भारतीय मुद्रा में तेजी आई।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 82.93 पर खुला। दिन में कारोबार के दौरान यह 82.86 से 83.01 प्रति डॉलर के दायरे में घूमने के बाद अंत में अपने पिछले बंद भाव से आठ पैसे की बढ़त के साथ 82.95 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।

पिछले कारोबारी सत्र में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 83.03 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

शेयरखान बाय बीएनपी परिबा के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘रिजर्व बैंक के ‘संभवत:’ हस्तक्षेप और एफआईआई के प्रवाह से भी रुपये को समर्थन मिला। हालांकि, डॉलर की मजबूती तथा कच्चे तेल की कीमतों में उछाल की वजह से रुपये का लाभ सीमित रहा।’’

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.18 प्रतिशत की बढ़त के साथ 104.76 पर रहा।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.81 प्रतिशत बढ़कर 91.37 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर पहुंच गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 1,047.19 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।

भाषा अजय अजय रमण

रमण