डॉलर के मुकाबले रुपया 14 पैसे मजबूत

Ads

डॉलर के मुकाबले रुपया 14 पैसे मजबूत

  •  
  • Publish Date - July 17, 2023 / 10:21 PM IST,
    Updated On - July 17, 2023 / 10:21 PM IST

मुंबई, 17 जुलाई (भाषा) अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया सोमवार को 14 पैसे की तेजी के साथ 82.03 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। स्थानीय शेयर बाजारों में रिकॉर्ड तेजी और विदेशों में डॉलर के कमजोर होने से निवेशकों की कारोबारी धारणा में सुधार आने के कारण रुपये में मजबूती आई।

विदेशी मुद्रा व्यापारियों ने बताया कि विदेशी कोषों के सतत निवेश प्रवाह से भी रुपये को मजबूती मिली।

एलकेपी सिक्योरिटीज के शोध विश्लेषण विभाग के उपाध्यक्ष, जतिन त्रिवेदी ने कहा, ‘‘शेयर बाजार के सकारात्मक प्रदर्शन, विशेष रूप से वित्तीय क्षेत्र में बैंकिंग क्षेत्र में 1.40 प्रतिशत की बढ़त ने रुपये की तेजी का समर्थन किया।

उन्होंने कहा, ‘‘कच्चे तेल की कीमतों में 1.65 प्रतिशत की गिरावट से रुपये के खरीदारों को भी फायदा हुआ। हालांकि, डॉलर इंडेक्स की स्थिरता ने रुपये की मजबूती की सीमा को सीमित कर दिया।’’

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 82.14 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह 82.03 के उच्चस्तर और 82.20 के निचले स्तर को छूने के बाद अंत में पिछले बंद भाव के मुकाबले 14 पैसे की मजबूती के साथ 82.03 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।

रुपया शुक्रवार को डॉलर के मुकाबले 82.17 पर बंद हुआ था।

दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.12 प्रतिशत की गिरावट के साथ 99.79 पर रहा।

इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल वायदा 1.94 प्रतिशत की गिरावट के साथ 78.32 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 529.03 अंक की तेजी के साथ 66,589.93 अंक के नये रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक पूंजी बाजार में शुद्ध लिवाल रहे और उन्होंने सोमवार को शुद्ध रूप से 73 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे।

भाषा राजेश राजेश रमण

रमण