सेल, इंडोनेशिया की कंपनी स्टेनलेस स्टील विनिर्माण के लिए संयुक्त उद्यम की संभावनाएं तलाशेंगी

Ads

सेल, इंडोनेशिया की कंपनी स्टेनलेस स्टील विनिर्माण के लिए संयुक्त उद्यम की संभावनाएं तलाशेंगी

  •  
  • Publish Date - July 8, 2026 / 03:05 PM IST,
    Updated On - July 8, 2026 / 03:05 PM IST

नयी दिल्ली, आठ जुलाई (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र की इस्पात कंपनी स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) और इंडोनेशिया की पीटी क्राकाटाउ स्टील भारत में स्टेनलेस स्टील की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए एक संयुक्त उद्यम स्थापित करने की संभावनाएं तलाशेंगी। यह संयुक्त उद्यम स्टेनलेस स्टील स्लैब के विनिर्माण के लिए होगा।

सेल ने बुधवार को बयान में कहा कि इस संबंध में दोनों देशों के बीच उच्चस्तरीय वार्ताओं के दौरान एक समझौता ज्ञापन की घोषणा की गई। यह वार्ता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की छह से आठ जुलाई तक इंडोनेशिया यात्रा के दौरान हुई।

बयान के अनुसार, इंडोनेशिया के पास दुनिया के सबसे समृद्ध निकल भंडारों में से एक तक पहुंच है, जो स्टेनलेस स्टील के लिए एक आवश्यक कच्चा माल है। दूसरी ओर, सेल के पास इस्पात विनिर्माण, परियोजना क्रियान्वयन और बड़े एकीकृत इस्पात संयंत्रों के परिचालन का पांच दशक से अधिक का अनुभव है।

कंपनी ने कहा कि यह समझौता ज्ञापन भारत और इंडोनेशिया के बीच बढ़ते औद्योगिक सहयोग में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो मजबूत और अधिक लचीली विनिर्माण मूल्य श्रृंखला बनाने के दोनों देशों के साझा दृष्टिकोण को दर्शाता है।

सेल ने कहा कि प्रस्तावित संयुक्त उद्यम की क्षमता, निवेश संरचना, कार्यान्वयन कार्यक्रम और प्रौद्योगिकी विन्यास से जुड़े अंतिम निर्णय व्यवहार्यता अध्ययन पूरा होने तथा दोनों कंपनियों और संबंधित सरकारों से आवश्यक मंजूरियां मिलने के बाद किए जाएंगे।

सेल के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक अशोक कुमार पांडा ने कहा, ‘‘बुनियादी ढांचा, परिवहन, नवीकरणीय ऊर्जा और विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में स्टेनलेस स्टील की मांग लगातार बढ़ रही है। ऐसे में विश्वसनीय कच्चे माल की उपलब्धता और रणनीतिक साझेदारियां अधिक महत्वपूर्ण हो जाती हैं। हमारा मानना है कि पीटी क्राकाटाउ स्टील के साथ यह सहयोग दोनों कंपनियों के लिए दीर्घकालिक मूल्य सृजित कर सकता है और भारत-इंडोनेशिया आर्थिक साझेदारी को मजबूत करेगा।’’

भाषा योगेश अजय

अजय