स्टरलाइट टेक्नोलॉजीज का 2028-29 तक 20,000 करोड़ रुपये के राजस्व का लक्ष्य

Ads

स्टरलाइट टेक्नोलॉजीज का 2028-29 तक 20,000 करोड़ रुपये के राजस्व का लक्ष्य

  •  
  • Publish Date - September 8, 2026 / 02:54 PM IST,
    Updated On - September 8, 2026 / 02:54 PM IST

नयी दिल्ली, आठ सितंबर (भाषा) ब्रॉडबैंड प्रौद्योगिकी कंपनी स्टरलाइट टेक्नोलॉजीज ने कहा है कि उसका लक्ष्य वित्त वर्ष 2028-29 तक कंपनी के राजस्व को कई गुना बढ़ाकर 20,000 करोड़ रुपये तक पहुंचाने का है।

स्टरलाइट टेक्नोलॉजीज लिमिटेड (एसटीएल) ने शेयर बाजारों को दी सूचना में कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 में उसका एकीकृत परिचालन राजस्व 4,745 करोड़ रुपये रहा था।

एसटीएल के प्रबंध निदेशक अंकित अग्रवाल ने तीन सितंबर को आयोजित एक निवेशक बैठक में कहा, ‘‘आज, हम वित्त वर्ष 2028-29 के लिए एसटीएल की वृद्धि महत्वाकांक्षा ‘लक्ष्य’ की घोषणा करते हुए बेहद गर्व महसूस कर रहे हैं। ‘लक्ष्य’ के तहत हम वित्त वर्ष 2028-29 तक 20,000 करोड़ रुपये के राजस्व का लक्ष्य बना रहे हैं। साथ ही एसटीएल को डिजिटल संपर्क के लिए सबसे बड़े वैश्विक दिग्गजों में से एक के रूप में स्थापित कर रहे हैं।’’

कंपनी द्वारा दी जानकारी के मुताबिक, अग्रवाल ने कहा कि परियोजना ‘लक्ष्य’ की महत्वाकांक्षा एसटीएल के पैमाने और स्थिति को बदलना, कंपनी के मुख्य आधार की मजबूती, मजबूत आर्थिक स्थिति, मजबूत ग्राहक संबंधों और दुनिया के तेजी से बढ़ते डिजिटल बुनियादी ढांचे में एक बड़ी भूमिका निभाना है।

उन्होंने कहा कि अब ऐसी जगहों की संख्या बढ़ गई है, जहां ऑप्टिकल संपर्क की जरूरत है, और एआई-संचालित बुनियादी ढांचे की मांग के कारण इनमें से प्रत्येक स्थान पर काफी अधिक ऑप्टिकल सामग्री की आवश्यकता है।

एसटीएल के मुताबिक, भारत में डेटा सेंटर के रूप में उसके सामने एक बड़ा अवसर है। अग्रवाल ने कहा कि भारत में इस वक्त लगभग 1.5 गीगावाट डेटा सेंटर क्षमता है, जिसके 2030 तक 10 गीगावाट तक पहुंचने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा, ‘‘इस लिहाज से प्रमुख हाइपरस्केलर्स क्लाउड, एआई और डेटा सेंटर बुनियादी ढांचे में भारत में कई अरब डॉलर का निवेश कर रहे हैं। एसटीएल के लिए यह अवसर विशेष रूप से प्रासंगिक है।’’

भाषा पाण्डेय अजय

अजय