नयी दिल्ली, तीन अगस्त (भाषा) राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (एनपीएस) के तहत पेंशन कोष प्रबंधक एसबीआई पेंशन फंड्स की प्रबंधन के तहत परिसंपत्तियां (एयूएम) छह लाख करोड़ रुपये को पार कर गई हैं। कंपनी सरकारी, कॉरपोरेट और खुदरा क्षेत्रों में 1.85 करोड़ से अधिक ग्राहकों को सेवाएं दे रही है।
कंपनी ने सोमवार को जारी एक बयान में कहा कि यह उपलब्धि लाखों ग्राहकों के बढ़ते विश्वास को दर्शाती है। भारत के पेंशन कोष उद्योग में 34 प्रतिशत से अधिक की बाजार हिस्सेदारी के साथ कंपनी अग्रणी स्थिति में है।
बयान में कहा गया कि यह सफलता न केवल एसबीआई पेंशन फंड्स के लिए बल्कि भारत की विकसित होती सेवानिवृत्ति व्यवस्था के लिए भी एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।
कंपनी ने बताया कि 2018 में एक लाख करोड़ रुपये का एयूएम पार करने से लेकर आज छह लाख करोड़ रुपये तक पहुंचना, देश भर के लाखों ग्राहकों द्वारा एसबीआई पेंशन फंड्स पर जताए गए विश्वास को दर्शाता है।
कंपनी ने आगे बताया कि पिछले 15 वर्षों में एसबीआई पेंशन फंड्स का एयूएम लगभग 36 प्रतिशत की सालाना दर से बढ़ा है।
भाषा पाण्डेय अजय
अजय