‘ओपेक प्लस’ के सात देशों का अगस्त में अधिक तेल उत्पादन करने का फैसला
'ओपेक प्लस' के सात देशों का अगस्त में अधिक तेल उत्पादन करने का फैसला
न्यूयॉर्क, छह जुलाई (एपी) तेल उत्पादक देशों के संगठन ‘ओपेक प्लस’ के कुछ सदस्य देशों ने अगस्त महीने में उत्पादन में मामूली बढ़ोतरी करने का फैसला किया है। इस कदम से वैश्विक बाजार में अतिरिक्त कच्चा तेल उपलब्ध होने की संभावना है।
‘ओपेक प्लस’ देशों का यह फैसला ऐसे समय में सामने आया है जब ईंधन की कीमतें हाल के महीनों में घटकर पश्चिम एशिया संघर्ष शुरू होने से पहले के स्तर पर आ गई हैं।
ओपेक और उसके सहयोगी देशों के समूह ‘ओपेक प्लस’ ने रविवार को ऐलान किया कि सात देश अगस्त में कुल मिलाकर 1.88 लाख बैरल कच्चे तेल का प्रतिदिन उत्पादन बढ़ाएंगे। यह लगातार पांचवां महीना है जब समूह ने उत्पादन बढ़ाने पर सहमति जताई है।
इस निर्णय में शामिल देशों में सऊदी अरब, रूस, इराक, कुवैत, कजाकिस्तान, अल्जीरिया और ओमान शामिल हैं।
समूह ने एक बयान में कहा, “सदस्य देश बाजार की स्थितियों की निगरानी एवं आकलन जारी रखेंगे। उन्होंने बाजार स्थिरता बनाए रखने के प्रयासों के तहत सतर्क रुख अपनाने के महत्व को दोहराया है।”
पिछले एक महीने में बाजार में सकारात्मक संकेतों के कारण कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई है। यह गिरावट उस अंतरिम समझौते के बाद आई जिसमें अमेरिका और ईरान ने अपने संघर्ष को समाप्त करने की दिशा में कदम बढ़ाए।
समझौते के तहत ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों के निर्बाध आवागमन की अनुमति दी, जबकि अमेरिका ने ईरानी बंदरगाहों पर अपनी नाकेबंदी समाप्त करने पर सहमति जताई।
होर्मुज जलडमरूमध्य से अब अधिक वाणिज्यिक जहाज गुजर रहे हैं, जो पहले वैश्विक तेल आपूर्ति का लगभग 20 प्रतिशत मार्ग था। हालांकि, जहाजों की आवाजाही अब भी संघर्ष-पूर्व स्तर से नीचे है और क्षेत्र में तनाव बना हुआ है।
अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड की कीमत रविवार देर रात कारोबार शुरू होने के बाद 72 डॉलर प्रति बैरल से नीचे रही जबकि मार्च में यह कीमत लगभग 120 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई थी।
एपी प्रेम प्रेम अजय
अजय

Facebook


