नयी दिल्ली, 19 अगस्त (भाषा) आभूषण कारोबार से जुड़ी कंपनी शंकेश ज्वेलर्स लिमिटेड के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को बोली के दूसरे दिन बुधवार को 94 प्रतिशत अभिदान मिला।
एनएसई के आंकड़ों के अनुसार, कंपनी के आईपीओ में पेश किए गए 2,76,37,400 शेयरों के मुकाबले 2,60,80,000 शेयरों के लिए बोलियां मिली।
खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित हिस्से को 1.13 गुना अभिदान मिला। पात्र संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) की श्रेणी में 76 प्रतिशत और गैर-संस्थागत निवेशकों की श्रेणी में भी 76 प्रतिशत अभिदान मिला।
मुंबई स्थित थोक आभूषण विक्रेता शंकेश ज्वेलर्स ने सोमवार को एंकर निवेशकों से 110.15 करोड़ रुपये जुटाए।
कंपनी के 367 करोड़ रुपये का यह आईपीओ 20 अगस्त को बंद होगा। आईपीओ के लिए मूल्य दायरा 88-93 प्रति शेयर तय किया गया है, जिससे ऊपरी मूल्य दायरे पर कंपनी का मूल्यांकन 1,367 करोड़ रुपये बैठता है।
आईपीओ में 2.95 करोड़ तक नए शेयर जारी किए जाएंगे और एक करोड़ तक शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) लाई जाएगी।
मूल्य दायरे के ऊपरी स्तर पर निर्गम का आकार करीब 367 करोड़ रुपये और निचले स्तर पर करीब 347 करोड़ रुपये होगा।
शंकेश ज्वेलर्स के शेयरों को 25 अगस्त को बीएसई और एनएसई दोनों पर सूचीबद्ध करने का प्रस्ताव है।
भाषा यासिर अजय
अजय