नयी दिल्ली, 14 सितंबर (भाषा) वाडिया समूह की कंपनी बॉम्बे डाइंग का शेयर बृहस्पतिवार को नौ प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 52 सप्ताह का उच्चस्तर पर पहुंच गया था।
कंपनी ने जापान की सुमितोमो रियल्टी एंड डेवलपमेंट कंपनी को 22 एकड़ जमीन 5,200 करोड़ रुपये में बेचने की बुधवार को घोषणा की थी, जिसके बाद उसके शेयर में उछाल आया।
बीएसई में दिन में कारोबार के दौरान कंपनी का शेयर 19.97 प्रतिशत बढ़कर 168.50 रुपये पहुंच गया था, जो इसका 52 सप्ताह का उच्चस्तर है। यह कंपनी के शेयर के लिए ऊपरी सर्किट भी है। अंत में कंपनी का शेयर 9.01 प्रतिशत की बढ़त के साथ 153.10 रुपये पर बंद हुआ।
एनएसई में शेयर 20 प्रतिशत चढ़कर अपने 52 सप्ताह के उच्चतम स्तर 168.60 रुपये पर पहुंचा था। अंत में यह 9.18 प्रतिशत की बढ़त के साथ 153.40 रुपये पर बंद हुआ।
बॉम्बे डाइंग ने 22 एकड़ जमीन 5,200 करोड़ रुपये में बेचने की जानकारी देते हुए बुधवार को कहा था कि सुमितोमो की अनुषंगी गोइसू इस सौदे का भुगतान दो चरणों में करेगी। पहले चरण में 4,675 करोड़ रुपये और शेष 525 करोड़ रुपये कुछ शर्तों के पूरे होने के बाद चुकाएगी।
भाषा अजय अजय रमण
रमण