(Vaibhav Suryavanshi Records/ Image Credit: IPL)
नई दिल्ली: Vaibhav Suryavanshi Records: राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने बुधवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एलिमिनेटर मुकाबले में शानदार बल्लेबाजी करते हुए सभी का ध्यान खींच लिया। उन्होंने सिर्फ 29 गेंदों में 97 रनों की विस्फोटक पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 5 चौके और 12 लंबे छक्के निकले। उनकी इस पारी ने मैच में तेज शुरुआत दिलाई और कई रिकॉर्ड भी उनके नाम दर्ज हो गए। लेकिन इतनी शानदार पारी के बावजूद वह एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने से पीछे रह गए।
आईपीएल इतिहास में सुरेश रैना का नाम एक खास रिकॉर्ड के लिए आज भी याद किया जाता है। उन्होंने आईपीएल 2014 के क्वालीफायर-2 मुकाबले में पंजाब किंग्स (तब किंग्स इलेवन पंजाब था) के खिलाफ 25 गेंदों पर 12 चौकों और 6 छक्कों की मदद से 87 रन बनाए थे। यह रिकॉर्ड इसलिए भी खास है क्योंकि शुरुआती 25 गेंदों में सबसे ज्यादा रन बनाने का यह प्रदर्शन आज तक कोई खिलाड़ी नहीं तोड़ पाया है। रैना की यह पारी आज भी आईपीएल के इतिहास में सबसे विस्फोटक पारी में से एक माना जाता है।
उस मैच में पंजाब ने चेन्नई सुपर किंग्स को 227 रनों का बड़ा लक्ष्य दिया था। लक्ष्य का पीछा करते हुए फाफ डु प्लेसी जल्दी आउट हो गए थे। जिसके बाद सुरेश रैना नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने आए। उन्होंने आते ही आक्रामक अंदाज अपनाया और गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। ऐसा लग रहा था कि वह क्रिस गेल के 30 गेंदों वाला सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड भी तोड़ देंगे। लेकिन एक रन चुराने के प्रयास में वह रन आउट हो गए और उनकी शानदार पारी समाप्त हो गई।
वैभव सूर्यवंशी ने अपनी 29 गेंदों की पारी में 25 गेंदों तक 81 रन बना लिए थे। जो रैना के रिकॉर्ड के काफी करीब था लेकिन उसे पार नहीं कर सके। इससे पहले भी ट्रैविस हेड, प्रभसिमरन सिंह और जैक फ्रेजर मैकगर्क जैसे कई बल्लेबाज तेज पारियां खेल चुके हैं। लेकिन कोई भी रैना की उपलब्धि को नहीं तोड़ पाया। यही कारण है कि सुरेश रैना का यह रिकॉर्ड आज भी आईपीएल इतिहास में अमर माना जाता है।