सिंधिया ने मध्य प्रदेश के गुना जिले में पहले एकीकृत ‘फिजिटल’ सेवा केंद्र का उद्घाटन किया

Ads

सिंधिया ने मध्य प्रदेश के गुना जिले में पहले एकीकृत 'फिजिटल' सेवा केंद्र का उद्घाटन किया

  •  
  • Publish Date - March 15, 2026 / 04:05 PM IST,
    Updated On - March 15, 2026 / 04:05 PM IST

नयी दिल्ली, 15 मार्च (भाषा) मध्य प्रदेश के गुना जिले के उमरी गांव में लाभार्थियों को ऑनलाइन सेवाएं देने के लिए देश का पहला एकीकृत ‘फिजिटल’ (फिजिकल+डिजिटल) सेवा केंद्र शुरू किया गया है।

एक आधिकारिक बयान में रविवार को कहा गया कि केंद्रीय दूरसंचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दूरसंचार विभाग की ‘समृद्ध ग्राम फिजिकल सर्विसेज पायलट पहल’ के तहत इस केंद्र का शुभारंभ किया।

उद्घाटन के अवसर पर सिंधिया ने कहा, ‘‘समृद्ध ग्राम पहल की शुरुआत के साथ हम दुनिया को अपने उमरी में ला रहे हैं। शिक्षा और कृषि से लेकर स्वास्थ्य देखभाल और सरकारी सेवाओं तक, तकनीक हमारे लोगों के हाथों में सीधे नए अवसर दे रही है।’’

यह पहल भारतनेट परियोजना के माध्यम से ग्रामीण भारत में उपलब्ध संपर्क का लाभ उठाती है। ‘समृद्धि केंद्र’ की परिकल्पना एक एकल-खिड़की वाली ग्रामीण सेवा केंद्र के रूप में की गई है, जो एक ही स्थान पर स्वास्थ्य देखभाल, शिक्षा, कौशल विकास, कृषि, वित्तीय सेवाएं, ई-गवेंस सहायता और डिजिटल संपर्क सेवाएं देती है।

सिंधिया ने बताया कि इस केंद्र के माध्यम से किसान डिजिटल उपकरणों के जरिये मिट्टी की नमी, पोषक तत्वों और फसल के स्वास्थ्य के बारे में वास्तविक समय में जानकारी पा सकेंगे, जिससे कृषि स्मार्ट और अधिक उत्पादक बनेगी।

स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में मंत्री ने कहा, ‘‘उमरी के प्रत्येक नागरिक को दिल्ली और अन्य राज्यों के चिकित्सकों के साथ टेली-परामर्श और डायग्नोस्टिक्स सेवाएं मिलेंगी। रक्त परीक्षण की रिपोर्ट 30 मिनट से भी कम समय में तैयार हो जाएगी।’’

उन्होंने कहा कि प्रमाण पत्र से लेकर ई-बैंकिंग तक की जरूरी सरकारी सेवाएं अब समृद्ध ग्राम के भीतर ही उपलब्ध होंगी।

भाषा पाण्डेय अजय

अजय