चेन्नई, 16 फरवरी (भाषा) तमिलनाडु सरकार ने सोमवार को जापान की इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी माइनबीमित्सुमी’ और बेंगलुरु स्थित ‘एकस ग्रुप’ के साथ दो अलग-अलग समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।
इन समझौतों के तहत कुल 5,980 करोड़ रुपये का निवेश होगा।
समझौते मुख्यमंत्री एम के स्टालिन की मौजूदगी में सचिवालय में किए गए।
अधिकारियों के अनुसार, इन निवेश से सेमीकंडक्टर और वैमानिकी क्षेत्रों में लगभग 8,400 लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है।
जापानी कंपनी ‘माइनबीमित्सुमी’ की अनुषंगी कंपनी एनएमबी माइनबी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड ने तिरुवल्लूर जिले में एक विनिर्माण और अनुसंधान और विकास केंद्र स्थापित करने के लिए 1,980 करोड़ रुपये का निवेश करने की घोषणा की है।
यह केंद्र महिंद्रा ऑरिजिन्स औद्योगिक पार्क में स्थित होगा और इसमें उच्च मूल्य वाले सेमीकंडक्टर, इंसुलेटेड-गेट बाइपोलर ट्रांजिस्टर (आईजीबीटी), इंटिग्रेटेड सर्किट (आईसी), मोटर और सेंसर्स का निर्माण किया जाएगा।
इस परियोजना से लगभग 1,400 लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है।
एक अन्य समझौते के तहत एकस ग्रुप ने कृष्णागिरी जिले के सिप्कॉट-शूलागिरी औद्योगिक पार्क में राज्य की विमान विनिर्माण और रक्षा उपकरण विनिर्माण क्षमता बढ़ाने के लिए 4,000 करोड़ रुपये निवेश करने की घोषणा की है।
भाषा
योगेश अजय
अजय