तमिलनाड मर्केंटाइल बैंक का पहली तिमाही का शुद्ध लाभ 35 प्रतिशत बढ़कर 412 करोड़ रुपये

Ads

तमिलनाड मर्केंटाइल बैंक का पहली तिमाही का शुद्ध लाभ 35 प्रतिशत बढ़कर 412 करोड़ रुपये

  •  
  • Publish Date - July 27, 2026 / 05:55 PM IST,
    Updated On - July 27, 2026 / 05:55 PM IST

नयी दिल्ली, 27 जुलाई (भाषा) निजी क्षेत्र के तमिलनाड मर्केंटाइल बैंक (टीएमबी) का वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में शुद्ध लाभ 35 प्रतिशत बढ़कर 412 करोड़ रुपये हो गया। बैंक की मुख्य आय में वृद्धि से उसका लाभ बढ़ा है।

बैंक ने वित्त वर्ष 2025-26 की अप्रैल-जून तिमाही में 305 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था।

टीएमबी ने सोमवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही में उसकी कुल आय बढ़कर 1,901 करोड़ रुपये हो गई, जो वित्त वर्ष 2025-26 की समान तिमाही में 1,617 करोड़ रुपये थी।

समीक्षाधीन तिमाही में बैंक की ब्याज आय बढ़कर 1,662 करोड़ रुपये हो गई, जो वित्त वर्ष 2025-26 की जून तिमाही में 1,386 करोड़ रुपये थी।

पहली तिमाही में बैंक की शुद्ध ब्याज आय (एनआईआई) 32 प्रतिशत बढ़कर 765 करोड़ रुपये हो गई, जो वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही में 580 करोड़ रुपये थी।

तिमाही नतीजों के बाद मीडिया से बातचीत में तमिलनाड मर्केंटाइल बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एमडी एवं सीईओ) सली सुकुमारन नायर ने कहा कि बैंक प्रवासी भारतीयों (एनआरआई) से जमा जुटाने के लिए विदेश में एक प्रतिनिधि कार्यालय खोलने की संभावना तलाश रहा है।

उन्होंने कहा कि बैंक सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अवसंरचना और मोबाइल ऐप समेत अन्य सुविधाओं को बेहतर बनाने पर 280 करोड़ रुपये खर्च करेगा। इसके अलावा, बैंक तमिलनाडु, महाराष्ट्र और गुजरात में अपनी उपस्थिति का विस्तार करेगा।

बैंक की परिसंपत्ति की गुणवत्ता में सुधार हुआ है। जून तिमाही के अंत में उसका सकल गैर-निष्पादित परिसंपत्ति (एनपीए) अनुपात घटकर कुल अग्रिम का 0.69 प्रतिशत रह गया, जो एक साल पहले 1.22 प्रतिशत था।

इसी तरह, शुद्ध एनपीए यानी फंसे हुए कर्ज का अनुपात 0.17 प्रतिशत रहा, जो एक साल पहले 0.33 प्रतिशत था।

भाषा योगेश अजय

अजय