टारेंट पावर का शुद्ध लाभ चौथी तिमाही में घटकर 331 करोड़ रुपये पर

टारेंट पावर का शुद्ध लाभ चौथी तिमाही में घटकर 331 करोड़ रुपये पर

टारेंट पावर का शुद्ध लाभ चौथी तिमाही में घटकर 331 करोड़ रुपये पर
Modified Date: May 12, 2026 / 08:12 pm IST
Published Date: May 12, 2026 8:12 pm IST

नयी दिल्ली, 12 मई (भाषा) एकीकृत बिजली कंपनी टोरेंट पावर का एकीकृत शुद्ध लाभ वित्त वर्ष 2025-26 की जनवरी-मार्च तिमाही में सालाना आधार पर 69 प्रतिशत घटकर 331.49 करोड़ रुपये रहा।

कंपनी ने मंगलवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि एक साल पहले 2024-25 की मार्च तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ 1,077.22 करोड़ रुपये था।

आलोच्य तिमाही में कंपनी की कुल आय मामूली घटकर 6,476.95 करोड़ रुपये रही जो एक साल पहले 2024-25 की इसी तिमाही में 6,570.69 करोड़ रुपये थी।

कंपनी का खर्च 2025-26 की जनवरी-मार्च तिमाही में 5,929.59 करोड़ रुपये रहा जो एक साल पहले इसी तिमाही में 5,951.34 करोड़ रुपये था।

पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का शुद्ध लाभ 2,469.36 करोड़ रुपये रहा जो इससे पिछले साल पहले 3,058.61 करोड़ रुपये था।

कंपनी ने एक अलग बयान में कहा कि पिछले वित्त वर्ष का आंकड़ा ‘वित्त वर्ष 2024-25 में 637 करोड़ रुपये की आस्थगित कर देनदारियों के एकमुश्त, गैर-नकद बदलाव के लिए समायोजन’ के बाद आया है।

टोरेंट पावर के वाइस चेयरमैन और प्रबंध निदेशक जिनल मेहता ने कहा, ‘‘वित्त वर्ष 2025-26 हमारी यात्रा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, क्योंकि हम सतत विकास के अगले चरण के लिए खुद को तैयार कर रहे हैं। हमने अपने दीर्घकालिक दृष्टिकोण के साथ नवीकरणीय ऊर्जा, तापीय ऊर्जा और भंडारण समाधान कारोबार के विकास में तेजी लाने के लिए महत्वपूर्ण पूंजी निवेश किया है।

उन्होंने कहा, ‘‘तापीय ऊर्जा कारोबार में, हमने अपनी तापीय क्षमता को तीन गीगावाट तक बढ़ाने के लिए 30,000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया है। इसमें मध्य प्रदेश में 1,600 मेगावाट की एक नई विद्युत परियोजना का निर्माण शुरू करना और 1,400 मेगावाट की नाभा पावर का रणनीतिक अधिग्रहण शामिल है, जो तापीय ऊर्जा उत्पादन क्षेत्र में हमारी स्थिति को और मजबूत करता है।’’

कंपनी के निदेशक मंडल ने प्रति शेयर पांच रुपये के अंतिम लाभांश की सिफारिश की है। कंपनी ने इससे पहले 15 रुपये प्रति इक्विटी शेयर का अंतरिम लाभांश दिया था।

भाषा रमण अजय

अजय


लेखक के बारे में