टाटा कैपिटल ने योगलोन्स में खरीदी बहुलांश हिस्सेदारी, स्वर्ण ऋण से कारोबार में उतरी

Ads

टाटा कैपिटल ने योगलोन्स में खरीदी बहुलांश हिस्सेदारी, स्वर्ण ऋण से कारोबार में उतरी

  •  
  • Publish Date - July 13, 2026 / 03:17 PM IST,
    Updated On - July 13, 2026 / 03:17 PM IST

मुंबई, 13 जुलाई (भाषा) टाटा कैपिटल ने केरल की कंपनी योगक्षेम लोन्स (योगलोन्स) में बहुलांश हिस्सेदारी खरीदने की सोमवार को घोषणा की। इसके साथ ही, टाटा समूह की इस वित्तीय सेवा कंपनी सोने के बदले कर्ज यानी स्वर्ण ऋण कारोबार में भी उतर गई है।

कंपनी ने स्वर्ण ऋण कारोबार में उतरने का निर्णय अपने खुदरा ऋण पोर्टफोलियो में विविधता लाने के मकसद से लिया है।

नियामकीय मंज़ूरी मिलने पर यह सौदा पूर्ण रूप से नकद में होगा। इसके आधार पर योगलोन्स का मूल्यांकन 318 करोड़ रुपये तक आंका गया है। साथ ही, इसमें कंपनी की वृद्धि योजना को समर्थन देने के लिए लगभग 93 करोड़ रुपये का पूंजी डाली जाएगी।

सौदा पूरा होने के बाद टाटा कैपिटल की योगलोन्स में जारी और चुकता शेयर पूंजी में 88.6 प्रतिशत हिस्सेदारी होगी।

टाटा कैपिटल ने कहा कि योगलोन्स के प्रवर्तक एवं प्रबंध निदेशक यू.आई. वीटिल अधिग्रहण के बाद भी कंपनी का नेतृत्व करते रहेंगे।

कंपनी ने यह भी कहा कि आवश्यक मंजूरियां मिलने के बाद भविष्य में योगलोन्स के कारोबार को एकीकृत करने की योजना है।

भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) में पंजीकृत योगलोन्स, गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (एनबीएफसी) कंपनी है, जिसका मुख्यालय त्रिशूर में है।

योगलोन्स के प्रबंधन के तहत परिसंपत्तियां (एयूएम) 31 मार्च, 2026 तक 708 करोड़ रुपये थीं। कंपनी की मौजूदगी मुख्य रूप से दक्षिण भारत के राज्यों में है।

भाषा यासिर अजय

अजय